रांची : सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले को लेकर झारखण्ड में सियासी घमासान छिड़ गयी है। कोई इस आरोप को बेबुनियाद बता रहा है तो कोई इस प्रकरण की कड़ी निंदा कर रहा है। इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक विकास मुंडा और सुदीप गुड़िया ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिये विधायक भूषण बाड़ा मामले पर भाजपा पर निशाना साधा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए झामुमो विधायक विकास मुंडा ने कहा कि इस पूरे मामले में किसी भी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए और इसकी निष्पक्ष व कड़ाई से जांच की जानी चाहिए।
विधायक विकास मुंडा ने इस मामले को एक साजिश का हिस्सा बताते हुए आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस विषय पर केवल राजनीति कर रही है और एक खास नैरेटिव गढ़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक भाजपा को धैर्य रखना चाहिए। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भरोसा जताते हुए विकास मुंडा ने कहा कि पुलिस इस मामले में सभी तथ्यों को खंगाल रही है और जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
