रांची, 2 सितंबर: सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के प्लेसमेंट विभाग की ओर से वर्ष 2027 में स्नातक होने वाले विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय प्लेसमेंट ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कैंपस प्लेसमेंट के लिए तैयार करना और उन्हें कॉर्पोरेट जगत की कार्यप्रणाली, आवश्यक कौशल तथा कंपनियों की अपेक्षाओं से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में बीटेक की विभिन्न शाखाओं के अलावा एमसीए, एमबीए, एम.कॉम., बीबीए, बी.कॉम., बीबीए-एसबीपीएम, बीसीए, डिप्लोमा, बीए एवं एमए अंग्रेजी तथा बीए एवं एमए अर्थशास्त्र के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
ओरिएंटेशन के दौरान विद्यार्थियों को प्लेसमेंट की पूरी प्रक्रिया, कंपनियों की चयन प्रणाली, साक्षात्कार की तैयारी और बेहतर करियर के लिए आवश्यक कदमों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को समय रहते तैयारी शुरू करने और लगातार अपने कौशल को विकसित करने की सलाह दी।
तकनीकी क्षेत्र में नए अवसरों की जानकारी
कार्यक्रम में टेकफोकस के वरिष्ठ तकनीकी प्रमुख-क्लाउड निखिल उपाध्याय ने क्लाउड कंप्यूटिंग, एडब्ल्यूएस, जीसीपी, जनरेटिव एआई और एलएलएम जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बदलती तकनीक के अनुरूप विद्यार्थियों को लगातार अपने तकनीकी ज्ञान को अपडेट करने पर जोर दिया।
वहीं, टेकफोकस के वरिष्ठ सेल्सफोर्स विकास विशेषज्ञ अदनान अंसारी ने सेल्सफोर्स डेवलपमेंट, एपेक्स, एलडब्ल्यूसी, ट्रिगर्स, इंटीग्रेशन और बिजनेस प्रोसेस ऑटोमेशन जैसे विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म ‘ट्रेलहेड’ के जरिए प्रशिक्षण और प्रमाण-पत्र हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कॉर्पोरेट जगत की जरूरतों से कराया रूबरू
प्रबंधन और वाणिज्य के विद्यार्थियों के लिए इंडसइंड बैंक की क्षेत्रीय मानव संसाधन प्रबंधक प्राची महतो के साथ उद्योग संवाद सत्र आयोजित किया गया। उन्होंने बताया कि कंपनियां नए स्नातकों में किन गुणों की तलाश करती हैं। उन्होंने प्रभावी संवाद, जिम्मेदारी, समस्या समाधान, पेशेवर व्यवहार, सीखने की क्षमता और बदलते कार्य वातावरण के अनुरूप खुद को ढालने को महत्वपूर्ण बताया।
सीनियर.एआई के सीईओ मोहित कडयान ने विद्यार्थियों को रिज्यूमे तैयार करने, लिंक्डइन प्रोफाइल मजबूत करने, प्रमाण-पत्र हासिल करने और प्रोजेक्ट्स पर काम करने से जुड़े सुझाव दिए। उन्होंने कोडिंग, डेटा स्ट्रक्चर एवं एल्गोरिदम, गिटहब तथा कोडशेफ और लीटकोड जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के नियमित उपयोग पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम के प्रधानाचार्य महेश कुमार गुप्ता ने ‘कैंपस से कॉर्पोरेट’ विषय पर विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि करियर में सफलता के लिए विषय का मजबूत ज्ञान, तकनीकी दक्षता, समस्या समाधान की क्षमता और निरंतर सीखने की आदत जरूरी है।
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
