रांची: गांधी जयंती के मौके पर शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि आज देश की महान विभूतियों की जयंती का अवसर है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया और देश व प्रदेश को नई पहचान दिलाने में भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांधी जयंती को भारत के इतिहास का महत्वपूर्ण दिन बताया। उन्होंने कहा कि देश का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां अनेक महान विभूतियों ने जन्म लेकर भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को मार्गदर्शन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महापुरुषों के आदर्शों को जानने और उनके बताए रास्ते पर चलने का समय है।
वहीं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने महात्मा गांधी को पूरे विश्व के लिए शांति का दूत बताया। उन्होंने गांधी जी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए देश के लिए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों और लोगों ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इसे भी पढ़े – 2 अक्टूबर: गांधी और शास्त्री जयंती पर देश ने किया दो महान विभूतियों को नमन
