Friday, October 2

झारखंड के गुमला जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा घाघरा रोड स्थित उरांव छात्रावास के पास हुआ, जहां स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत

मृतक की पहचान चंडाली गांव निवासी 18 वर्षीय भीम कुमार बैगा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि भीम स्कूटी चला रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।

बाइक पर तीन लोग सवार थे

परिजनों के अनुसार, भीम अपने साथियों के साथ टोटो जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। हादसे में बाइक सवार अनुज कुमार साहू, अनिल कुमार और राम प्रकाश महतो घायल हुए हैं। वहीं, स्कूटी सवार वर्धन मिंज और संजीव कुमार भी घायल बताए जा रहे हैं।

तेज रफ्तार और हेलमेट नहीं पहनना बना वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। हादसे के समय किसी भी व्यक्ति के हेलमेट नहीं पहनने की बात भी सामने आई है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़े : लातेहार में नाबालिग छात्र की मौत मामले में बड़ा खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Share.
Next Story
दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली कनेक्शन और लाइटिंग को लेकर JBVNL ने जारी किया गाइडलाइन
Exit mobile version