ग्रामीणों का दावा- पांच दिनों से हाथियों को भगाने के लिए चल रहा था अभियान, सोमवार रात पटाखे और मशाल दिखाकर खदेड़ने के दौरान हुआ हादसा।
एलिफेंट ड्राइव के दौरान हुआ हादसा
चांडिल वन क्षेत्र के गुंडा पंचायत में डीटांड और गुंडा गांव के बीच 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से एक टस्कर हाथी की मौत हो गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग की टीम कई दिनों से हाथियों को भगाने के लिए अभियान चला रही थी। सोमवार रात भी हाथी को खदेड़ा जा रहा था। इसी दौरान वह झूलते बिजली के तार की चपेट में आ गया।
बताया जाता है कि हाथी दिनभर गुंडा बिहार जंगल में रहता था। शाम होने पर भोजन और पानी की तलाश में चांडिल डैम के आसपास के इलाकों में पहुंचता था। ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों की आवाजाही से क्षेत्र में मानव और हाथी के बीच संघर्ष की स्थिति बनी रहती है।
पांच दिनों से चल रहा था हाथियों को भगाने का अभियान
ग्रामीणों के अनुसार, चांडिल के वन क्षेत्र पदाधिकारी और डीएफओ के निर्देश पर पिछले पांच दिनों से एलिफेंट ड्राइव टीम हाथियों को भगाने का काम कर रही थी। सोमवार रात करीब 9:30 बजे टीम रुसुनिया और डीटांड गांव के रास्ते हाथी को खदेड़ रही थी। इस दौरान वन विभाग के कर्मचारी भी मौजूद थे।
ग्रामीणों का आरोप है कि हाथी को भगाने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे और मशाल की रोशनी दिखाई जा रही थी। इसी दौरान हाथी बिजली के झूलते तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से हाथी जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग पीछे हट गए।
ग्रामीणों ने उठाए वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
ग्रामीणों का सवाल है कि जब बिजली का खंभा अपनी जगह पर खड़ा था, तो हाथी तार की चपेट में कैसे आया? उनका कहना है कि यदि हाथी को लगातार नहीं खदेड़ा जाता, तो उसकी जान बच सकती थी। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि गुंडा जंगल में हाथियों के लिए पर्याप्त भोजन नहीं होने के कारण वे गांवों की ओर आते हैं। इससे फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचता है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों के गांवों में पहुंचने पर वन विभाग कई बार यह कहकर जिम्मेदारी टाल देता है कि हाथी पश्चिम बंगाल से आए हैं। इससे लोगों की परेशानी बनी रहती है।
ग्रामीणों ने वन विभाग पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि फसल बचाने के दौरान बिजली के तार या कीटनाशक की वजह से हाथी की मौत होने पर किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाता है। वहीं, इस घटना में वन विभाग की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, घटना के कारणों और वन विभाग की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।


