झारखंड में युवा कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं की राजनीतिक एवं संगठनात्मक भागीदारी बढ़ाने को लेकर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और झारखंड के युवा कांग्रेस नेताओं के बीच महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस दौरान युवा कांग्रेस के महासचिव सह रांची विधानसभा प्रभारी रोहित सिन्हा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर संगठन के विस्तार, युवाओं को जिम्मेदारी देने और जमीनी स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने जैसे मुद्दे उठाए।
दरअसल, मांडर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की की ओर से आयोजित स्वर्गीय राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 के उद्घाटन समारोह में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद रांची स्थित कांग्रेस मुख्यालय में उन्होंने युवा कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसी क्रम में रोहित सिन्हा ने उनसे संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत की।
संगठन में युवाओं को मिले उचित प्रतिनिधित्व
मुलाकात के दौरान रोहित सिन्हा ने झारखंड में युवा कांग्रेस को अधिक सक्रिय और मजबूत बनाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष युवाओं को संगठन में उचित प्रतिनिधित्व देने, नए युवाओं को जोड़ने और विधानसभा से लेकर जमीनी स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों का विस्तार करने का विषय रखा।
रोहित सिन्हा ने कहा कि उदय भानु चिब के नेतृत्व और मार्गदर्शन में युवा कांग्रेस देशभर में युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। झारखंड में भी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने तथा युवाओं के अधिकारों की आवाज बुलंद करने में जुटे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से राज्य में युवा कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठन का विस्तार होगा।
खेल के जरिए युवाओं को सकारात्मक दिशा देने पर जोर
इस दौरान स्वर्गीय राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन और उसके उद्देश्य पर भी चर्चा हुई। रोहित सिन्हा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि युवाओं को नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के साथ उनमें अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता का संदेश भी पहुंचता है। राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट इसी सोच को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रति जताया आभार
रोहित सिन्हा ने टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब की मौजूदगी को खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रोत्साहन बताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की सहभागिता से युवाओं का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
मुलाकात के अंत में रोहित सिन्हा ने उदय भानु चिब के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मुलाकात को झारखंड में युवा कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
