Friday, November 6

रांची। मारवाड़ी युवा मंच रांची दक्षिण शाखा एवं जागृति महिला शाखा के संयुक्त तत्वावधान में “एक कदम देश के नाम, एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत वॉकथॉन एवं पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंच के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

वॉकथॉन की शुरुआत हिनू चौक से हुई। सभी सदस्य पैदल चलते हुए एयरपोर्ट पार्किंग पार्क पहुंचे। पार्क पहुंचने के बाद सदस्यों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण किया। पर्यावरण की सुरक्षा और पार्क की सुंदरता बनाए रखने के उद्देश्य से सदस्यों ने एक-एक पौधा लगाया और उसकी देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के पूर्व उपाध्यक्ष रोहित शारदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने देश के बारे में भी उसी तरह सोचे, जिस तरह वह अपने परिवार के प्रति सोचता है। देश की सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के नाम एक पेड़ लगाने और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की।

मुख्य अतिथि रोहित शारदा ने प्रथम पौधा लगाकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं होना चाहिए, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी जरूरी है।

कार्यक्रम के संयोजक राजीव केडिया एवं सौरभ विजय ने बताया कि मारवाड़ी युवा मंच की ओर से यह कार्यक्रम पूरे प्रांत में एक साथ, एक समय और एक दिन आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर जागृति महिला शाखा की अध्यक्ष प्रमिला सराफ एवं सचिव खुशबू शारदा ने अतिथियों का स्वागत किया। वहीं मंच के सचिव राघव शारदा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

कार्यक्रम में मंच की पुरुष एवं महिला शाखा के अध्यक्षों ने भी पौधारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बारिश का मौसम पौधारोपण के लिए अनुकूल होता है, इसलिए इस दौरान लगातार पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि पर्यावरण को बेहतर बनाने में योगदान दिया जा सके।

कार्यक्रम में रोहित शारदा, बालवीर जैन, कृष्ण कुमार पिलानिया, संजय अग्रवाल, राजीव केडिया, संजय कुमार अग्रवाल, मनीष खटोड़, राघव शारदा, सौरभ विजय, समर्थ तायल, पवन केडिया, अनुराग सिंघानिया, नितिन अग्रवाल, अनमोल सिंघानिया, काव्यांश केडिया सहित कई सदस्य मौजूद रहे।

महिला जागृति शाखा की ओर से मधु पिलानिया, बिना शारदा, अनीता अग्रवाल, प्रमिला सराफ, खुशबू शारदा और रीना केडिया समेत अन्य सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम के माध्यम से आयोजकों ने लोगों को देशप्रेम, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया।

Share.
Next Story
चैंबर चुनाव: टीम मुकेश अग्रवाल ने एफिलिएटेड बॉडी के चेयरमैन व सदस्यों संग की बैठक, अधूरे कार्य पूरे करने का वादा
Exit mobile version