बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत एक बार फिर योग गुरु रामदेव के बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों के बीच शुरू हुई जुबानी जंग अब निजी जिंदगी और पुराने बयानों तक पहुंच गई है। कंगना ने रामदेव की उस टिप्पणी पर तीखा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने कंगना के बचपन और ‘जवानी’ को लेकर सवाल उठाए थे।
सुधीर चौधरी के इंटरव्यू में कंगना ने दिया जवाब
पत्रकार सुधीर चौधरी के साथ बातचीत के दौरान कंगना से पूछा गया कि खुद को सनातनी बताने वाले बाबा रामदेव उनके विरोध में क्यों हैं।
इस पर कंगना ने रामदेव की टिप्पणी का जिक्र करते हुए सवाल किया कि आखिर उन्हें उनकी निजी जिंदगी और जवानी के बारे में जानकारी कैसे हो सकती है। कंगना ने तंज कसते हुए कहा –
“क्या बाबा रामदेव मेरे बेडरूम में चमगादड़ बनकर लटका हुआ था? क्या उसने कुछ देखा है?”
कंगना का यह बयान सामने आने के बाद एक बार फिर दोनों के बीच चल रही बयानबाजी चर्चा में आ गई है।
राजनीति में भी हो रहा चरित्र-हनन: कंगना
बातचीत के दौरान कंगना से जब पूछा गया कि क्या राजनीति में आने के बाद भी उन्हें उसी तरह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, जैसा बॉलीवुड में करना पड़ा था, तो उन्होंने कहा कि उनके संसद पहुंचने से कई लोगों को झटका लगा है।
कंगना ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ फर्जी वीडियो बनाए जा रहे हैं और उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक दावे किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब कोई महिला आगे बढ़ती है तो उसके खिलाफ सबसे आसान हथियार उसके चरित्र पर सवाल उठाना होता है।
‘जनरेशन गटर’ टिप्पणी से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, कंगना और रामदेव के बीच मौजूदा विवाद की शुरुआत कंगना की ‘जनरेशन गटर’ टिप्पणी से हुई थी। कंगना ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और Gen Z को लेकर यह टिप्पणी की थी।
इस बयान पर रामदेव ने प्रतिक्रिया देते हुए कंगना के अतीत और उनकी ‘जवानी’ को लेकर टिप्पणी की। इसके बाद कंगना ने भी रामदेव को निशाने पर लेते हुए उनकी टिप्पणी को निजी सीमा लांघने वाला बताया था।
कंगना ने सोशल मीडिया पर तीखे अंदाज में लिखा था कि बाबा को उनकी जवानी या निजी जिंदगी के बारे में कल्पना नहीं करनी चाहिए।
रामदेव ने भी दिया था जवाब
कंगना की टिप्पणी के बाद रामदेव ने भी पलटवार किया था। उन्होंने कहा था कि देश उनके बारे में और उनके योगदान के बारे में जानता है और वह ‘ओछे लोगों’ पर टिप्पणी कर विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहते।
हालांकि, अब कंगना के ताजा बयान ने इस पुराने विवाद को फिर हवा दे दी है। ‘जवानी’ पर टिप्पणी से शुरू हुई यह जुबानी जंग अब निजी जिंदगी, राजनीति और सोशल मीडिया पर चरित्र-हनन के आरोपों तक पहुंच चुकी है।
इसे भी पढ़े – रक्षाबंधन से पहले झारखंड सरकार का बहनों को तोहफा, रांची की 3.95 लाख महिलाओं के खाते में पहुंची ₹2,500 की सम्मान राशि
