Friday, October 2

केंद्रीय कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है। अक्टूबर के महीने में आयोग रिपोर्ट तैयार करने की दिशा में अहम कदम बढ़ाने वाला है। इस महीने आयोग से जुड़ी पांच ऐसी तारीखें हैं, जिनके बारे में कर्मचारियों को जानना जरूरी है।

7-8 अक्टूबर: बेंगलुरु में बैठक

आयोग की 7 और 8 अक्टूबर 2026 को बेंगलुरु में एक अहम बैठक प्रस्तावित है। इसमें आयोग स्थानीय केंद्रीय कर्मचारियों और विभिन्न कर्मचारी संगठनों से वेतन, भत्ते, पेंशन और सेवा शर्तों से जुड़े सुझाव लेगा। कर्मचारी संगठन अपनी मांगें और समस्याएं आयोग के सामने रख सकेंगे। बेसिक पे में संशोधन, फिटमेंट फैक्टर, भत्ते, पेंशन और सेवा शर्तों जैसे मुद्दे चर्चा में रह सकते हैं।

10 अक्टूबर: आवेदन की अंतिम तारीख

जो संगठन इस बैठक में हिस्सा लेना चाहते हैं, उनके लिए 10 अक्टूबर की तारीख अहम है। आयोग ने अपनी वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन में कहा है कि 10 अक्टूबर 2026 तक संबंधित संगठनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा। यानी आयोग के सामने अपनी बात रखनी है, तो समय सीमा के भीतर आवेदन पूरा करना जरूरी है।

22-23 अक्टूबर: मुंबई में बैठकें

दशहरा के ठीक बाद 22 और 23 अक्टूबर 2026 को आयोग मुंबई में कर्मचारी संगठनों और अन्य हितधारकों के साथ बैठकें करेगा। दशहरा 20 अक्टूबर को है। मुंबई की बैठकों में भी वेतन और पेंशन से जुड़े मुद्दों पर सुझाव लिए जाने की उम्मीद है।

अक्टूबर में डीए का ऐलान संभव

केंद्रीय कर्मचारियों के जुलाई से दिसंबर छमाही के महंगाई भत्ते (डीए) का इंतजार भी अक्टूबर में खत्म हो सकता है। पिछले पैटर्न को देखें तो सरकार दशहरा के आसपास इसका ऐलान करती है। माना जा रहा है कि इस बार डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसा हुआ तो डीए बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। जनवरी से जून छमाही के लिए सरकार पहले ही डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर चुकी है, इस तरह पूरे साल की बढ़ोतरी 5 प्रतिशत हो जाएगी। आठवें वेतन आयोग के ऐलान के बाद यह दूसरी बार डीए बढ़ने का मामला होगा।

रिपोर्ट की समयसीमा

आठवें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था। उसे सिफारिशें सौंपने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है, इस हिसाब से रिपोर्ट की समयसीमा करीब मई 2027 में पूरी होती है।

इसे भी पढ़े : दुर्गा पूजा पंडालों में बिजली कनेक्शन और लाइटिंग को लेकर JBVNL ने जारी किया गाइडलाइन

Share.
Next Story
बिंदल मॉल फायरिंग के चार मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, एक लाख में दी गई थी हत्या की सुपारी
Exit mobile version