Saturday, November 21

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट ने शनिवार को 14 आरोपियों के खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय कर दिए। आरोपियों में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को स्वीकार करने से इनकार किया है। कोर्ट ने मामले में 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई के आधार पर ट्रायल शुरू करने का फैसला किया है।

NTA के तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट पर भी आरोप

मामले में जिन आरोपियों के खिलाफ आरोप तय किए गए हैं, उनमें यश यादव, मांगीलाल बिवाल, दिनेश बिवाल, विकास बिवाल, शुभम खैरनार, धनंजय लोखंडे, प्रहलाद कुलकर्णी, तेजस हर्षद कुमार, डॉ. मनोज शिरुरे, शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर, मनीषा वाघमारे, मनीषा मंधारे और मनीषा संजय हवालदार के नाम शामिल हैं।

इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) कर रही है। एजेंसी ने मामले में करीब 20 हजार पन्नों का आरोप-पत्र दाखिल किया है। CBI ने जुलाई में अपना पहला आरोप-पत्र दाखिल किया था, जिस पर राउज एवेन्यू कोर्ट की विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 12 अगस्त को संज्ञान लिया था।

गोपनीय अनुभाग से प्रश्न बाहर निकालने का आरोप

CBI ने आरोप-पत्र में दावा किया है कि NTA के गोपनीय अनुभाग से NEET परीक्षा के प्रश्न बाहर निकालने में तीन विषय विशेषज्ञों की भूमिका थी। जांच एजेंसी के अनुसार, गोपनीय अनुभाग से बाहर निकलते समय विशेषज्ञों की तलाशी नहीं ली जाती थी। इसके अलावा, वहां प्रवेश और निकास के दौरान विशेषज्ञों की जांच की कोई निर्धारित व्यवस्था नहीं थी।

CBI ने यह भी कहा कि NTA में समर्पित CCTV लाइव-फीड निगरानी नियंत्रण कक्ष नहीं था। इसके कारण गोपनीय अनुभाग में विशेषज्ञों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पाती थी।

कागज की पर्चियों और किताबों के जरिए प्रश्न बाहर ले जाने का दावा

जांच एजेंसी के अनुसार, एक आरोपी ने परीक्षा के प्रश्नों को कागज की पर्चियों पर लिखकर छिपाया, जबकि दो अन्य आरोपियों ने प्रश्नों को याद किया। इसके बाद होटल के कमरों में लौटकर उन्हें लिखा या संबंधित पाठ्यपुस्तकों में उनसे जुड़े अंशों को चिह्नित किया।

CBI ने आरोप-पत्र में बताया कि अनुवाद और पुनः अनुवाद के दौरान रफ काम के लिए गोपनीय अनुभाग में विशेषज्ञों को सादे कागज दिए गए थे। आरोप है कि आरोपी पीवी कुलकर्णी ने इन्हीं कागजों का इस्तेमाल कर रसायन विज्ञान के सभी 135 प्रश्नों और उनके उत्तर विकल्पों को संक्षेप में लिख लिया था।

कोर्ट ने सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने के बाद 25 नवंबर से मामले की रोजाना सुनवाई के आधार पर ट्रायल शुरू करने का निर्देश दिया है।

Share.
Next Story
रांची में विश्व फार्मासिस्ट दिवस और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह का राज्यस्तरीय समारोह, 1200 लोग हुए शामिल
Exit mobile version