रांची के उद्यमियों को कारोबार विस्तार का अवसर, 100 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र के साथ बैंकिंग सुविधाओं की दी गई जानकारी।
रांची। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने एमएसएमई उद्यमियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें आसानी से ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को रांची में मेगा एमएसएमई ऋण शिविर का आयोजन किया। होटल प्लेट्यू में आयोजित इस राष्ट्रव्यापी आउटरीच कार्यक्रम में 100 लाभार्थियों को कुल 21 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में बैंक के केंद्रीय कार्यालय के महाप्रबंधक राज कोकिल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बैंक के संस्थापक सर सोराबजी पोचखानवाला को श्रद्धांजलि देने और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
शिविर में रांची के विभिन्न व्यवसायियों, व्यापारियों और एमएसएमई उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी गई। महाप्रबंधक राज कोकिल ने उद्यमियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बैंक की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में बताया।
कार्यक्रम में डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के तरीकों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
इसके अलावा ग्राहकों की सुविधा के लिए शिविर में कई विशेष सेवा डेस्क लगाए गए। इनमें केवाईसी और री-केवाईसी, बचत खाता खोलने, टैब बैंकिंग, ऋण संबंधी जानकारी, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, उद्यम पंजीकरण प्रमाणपत्र और विदेशी मुद्रा सेवाओं से जुड़े काउंटर शामिल थे।
बैंक की इस पहल का उद्देश्य छोटे और मध्यम कारोबारियों तक बैंकिंग एवं ऋण सुविधाओं की पहुंच बढ़ाना और उन्हें व्यवसाय के विस्तार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है।
