रांची: झारखंड में विश्व फार्मासिस्ट दिवस (WPD) और राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह (NPW) 2026 का राज्यस्तरीय समारोह शनिवार, 21 नवंबर को आयोजित किया गया। भारतीय फार्मेसी परिषद (PCI), नई दिल्ली और झारखंड राज्य आयोजन समिति के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन नामकुम स्थित वाईबीएन विश्वविद्यालय के द अंजूराम ग्रैंड ऑडिटोरियम में हुआ। इस वर्ष समारोह की थीम ‘स्वस्थ भारत: रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) का मुकाबला’ रखी गई थी। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में करीब 1,200 लोगों ने भाग लिया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल और रोगाणुरोधी प्रतिरोध के बढ़ते खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में फार्मासिस्टों, विद्यार्थियों और शिक्षकों की भूमिका पर चर्चा की गई। इस दौरान झारखंड के विभिन्न फार्मेसी कॉलेजों के विद्यार्थियों ने AMR जागरूकता रैली में हिस्सा लिया। रैली नामकुम के सदाबहार चौक से शुरू होकर नामकुम चौक पर समाप्त हुई।
भारतीय फार्मेसी परिषद की शिक्षा विनियमन समिति (ERC) के अध्यक्ष प्रो.दीपेंद्र सिंह ने भी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि फार्मासिस्ट केवल दवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज को दवाओं के सही इस्तेमाल और स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर जागरूक करने में भी उनकी अहम भूमिका है। आयोजकों ने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का गलत या जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल उनके असर को कम कर सकता है। इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक लेना और दवाओं का अधूरा कोर्स छोड़ना नुकसानदायक हो सकता है। इस चुनौती से निपटने के लिए आम लोगों, स्वास्थ्यकर्मियों और फार्मासिस्टों की साझा जिम्मेदारी जरूरी है।
कार्यक्रम में झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी, भारतीय फार्मेसी परिषद के अध्यक्ष डॉ. मोंटुकुमार एम. पटेल, राज्य संयोजक एवं PCI कार्यकारी परिषद के सदस्य धर्मेंद्र सिंह और रेलवे के पुलिस महानिदेशक अनिल पाल्टा सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए।
