Thursday, November 26

रांची : सड़क पर लापरवाही की कीमत कभी-कभी जिंदगी गंवाकर चुकानी पड़ती है। हेलमेट न पहनना, सीट बेल्ट से परहेज करना और तेज रफ्तार में गाड़ी चलाना हादसों की बड़ी वजह बनते हैं। इसी खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए राजधानी रांची में परिवहन विभाग ने अनोखा अभियान चलाया। इस दौरान खेलगांव चौक पर यमराज खुद सड़क पर उतर आए और बिना हेलमेट व सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों को जिंदगी की कीमत समझाई।

झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत परिवहन विभाग रांची और रिलेशंस संस्था की ओर से यह विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। अभियान के पहले चरण में ऑक्सीजन पार्क में युवा संवाद सह चौपाल का आयोजन हुआ। इसमें सैकड़ों युवक-युवतियों ने हिस्सा लिया।

नुक्कड़ नाटक ने दिया हादसों से बचने का संदेश

ऑक्सीजन पार्क में जन विकास मंच की नाट्य टीम ने सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के जरिए दिखाया कि यातायात नियमों की अनदेखी किस तरह किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। नाटक ने युवाओं को सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, सड़क सुरक्षा अभियंता गौरव कुमार, सड़क सुरक्षा सहायक अभय कुमार, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और आशीष रौशन समेत कई लोग मौजूद रहे।

खेलगांव चौक पर यमराज ने रोका रास्ता!

अभियान का दूसरा चरण खेलगांव चौक पर आयोजित किया गया। यहां यमराज की वेशभूषा में एक कलाकार ने वाहन चालकों को जागरूक किया। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के सड़क पर निकलने वाले लोगों को रोककर उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

यमराज के इस अनोखे अंदाज ने राहगीरों और वाहन चालकों का ध्यान खींचा। लोगों को समझाया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के साधन नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने वाले सुरक्षा कवच हैं।

युवाओं ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ

कार्यक्रम के अंत में युवाओं और आम नागरिकों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ ली। इसमें दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने का संकल्प लिया गया।

परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों की आदतों में सड़क सुरक्षा को शामिल करना है। इस अभियान के जरिए संदेश दिया गया कि सड़क पर सावधानी ही सुरक्षित घर वापसी की सबसे बड़ी गारंटी है।

Share.
Next Story
झारखंड पुलिस के ‘ऑपरेशन भरोसा’ से लौटी 317 लोगों की खुशियां, पांच जिलों में गुम और चोरी हुए मोबाइल बरामद
Exit mobile version