Wednesday, October 28

चतरा: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चतरा में SSB और लावालौंग थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 600 ग्राम अफीम बरामद हुई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। वहीं, मौके से फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 को करीब 11 बजे संयुक्त टीम अभियान पूरा कर पसागम से होसिर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे दो मोटरसाइकिल सवारों की नजर पुलिस पर पड़ी। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। टीम ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया।

बाइक की डिक्की से मिली अफीम

पकड़े गए युवक की मोटरसाइकिल की तलाशी लेने पर डिक्की से 600 ग्राम अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लावालौंग थाना क्षेत्र के मंधनिया गांव निवासी 25 वर्षीय मुकेश कुमार गंझू के रूप में हुई है। वह सुरेश गंझू का पुत्र है।

पुलिस ने अफीम के अलावा हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है।

NDPS एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज

मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 80/2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी 27 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी)/18(सी) के तहत दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

इस कार्रवाई में लावालौंग थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव, सहायक अवर निरीक्षक वर्षा किस्कू और SSB की 35वीं बटालियन के शीला ओपी से जुड़े जवान शामिल थे।

Share.
Next Story
झारखंड में पुलिस व्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती, 13.86 करोड़ से बनेंगे 5 थाना-ओपी भवन
Exit mobile version