Friday, October 23

बुढ़मू/ रांची । रांची जिले के बुढ़मू प्रखंड अंतर्गत ठाकुरगांव बैंक मोड़ चौक के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 14 वर्षीय छात्रा मिठू कुमारी उर्फ मिठू साहू की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद ग्रामीणों ने ठाकुरगांव-बुढ़मू मुख्य सड़क स्थित बैंक मोड़ चौक पर जाम लगा दिया। हालांकि, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समझाने तथा सहायता के आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया।

इलाज के दौरान रिम्स में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, गुरुगाईं निवासी मिठू कुमारी बुधवार सुबह बैंक मोड़ चौक के पास एक स्कॉर्पियो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी की मौत से परिवार में मातम पसरा है।

गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क हादसे को लेकर नाराजगी जताई और मुआवजे तथा सहायता की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।

विधायक ने बोरिंग और आवास का दिया आश्वासन

सड़क जाम की सूचना मिलने पर ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार, बुढ़मू थाना प्रभारी नवीन कुमार शर्मा और विधायक प्रतिनिधि गोपाल तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

इस बीच कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा ने फोन पर मृतका के परिजनों से बात की। उन्होंने परिवार को बोरिंग, आवास और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम हटा लिया और सड़क पर आवागमन सामान्य हुआ।

स्कॉर्पियो मालिक ने दिए एक लाख रुपये

हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता भी दी गई। डकरा निवासी स्कॉर्पियो मालिक मुन्ना सिंह ने मृतका के पिता को एक लाख रुपये नकद दिए। वहीं, ठाकुरगांव थाना प्रभारी ने भी परिवार को आर्थिक सहयोग किया।

बाद में स्थानीय मुक्तिधाम में मिठू कुमारी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। किशोरी की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है।

इस दौरान विधायक प्रतिनिधि शमीम बड़ेहार, प्रखंड प्रतिनिधि बबलू उरांव, विनीता देवी, सतीश साहू, गोपाल भगत, हेमंत साहू, गोविंद साहू, संजय साहू, रोहित साहू, पंचम सिंह और अमीरुल हक सहित कई लोग मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े :  क्या आप भी शौकीन हैं मां तारा मिष्ठान भंडार की मिठाइयों के.. मिष्ठान भंडार में मिले कॉकरोच..FSSAI ने मारा छापा 

Share.
Next Story
रांची में गुरमत सिखिया कैंप का समापन, बच्चों ने कीर्तन, भाषण और दस्तार सजाओ प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर
Exit mobile version