Friday, October 23

रांची: घरेलू क्रिकेट में बल्ले से लगातार अपनी छाप छोड़ रहे झारखंड के शिखर मोहन अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की दिशा में एक कदम आगे बढ़ गए हैं। न्यूजीलैंड दौरे के लिए उनका चयन इंडिया-ए टीम में किया गया है। रणजी ट्रॉफी से लेकर दिलीप ट्रॉफी और ईरानी कप तक उनके प्रदर्शन ने चयन के लिए मजबूत दावेदारी पेश की। शिखर की इस उपलब्धि पर झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

शिखर के हालिया प्रदर्शन की बात करें, तो रणजी ट्रॉफी में उन्होंने लगातार दो शतक लगाकर सबका ध्यान खींचा। जमशेदपुर के कीनन स्टेडियम में केरल के खिलाफ उन्होंने 143 रन बनाए। इसके बाद महाराष्ट्र के खिलाफ दूसरी पारी में 127 रनों की पारी खेलकर एक और शतक अपने नाम किया। लगातार दो मैचों में शतकीय प्रदर्शन ने उनकी बल्लेबाजी की निरंतरता को दिखाया।

यह पहली बार नहीं है जब शिखर ने घरेलू क्रिकेट में अपनी क्षमता साबित की हो। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में उन्होंने 55.73 की औसत से 613 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से दो शतक भी निकले थे। पूरे सत्र में उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा।

दूसरे घरेलू टूर्नामेंटों में भी शिखर ने अपनी उपयोगिता साबित की। दिलीप ट्रॉफी 2026 के फाइनल में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने साउथ जोन के खिलाफ पहली पारी में 85 और दूसरी पारी में 52 रन बनाए। वहीं, ईरानी कप 2026 में रेस्ट ऑफ इंडिया का प्रतिनिधित्व करते हुए जम्मू-कश्मीर के खिलाफ 60 रनों का योगदान दिया।

घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाने का फायदा अब उन्हें इंडिया-ए टीम में चयन के रूप में मिला है। न्यूजीलैंड दौरे पर शिखर के सामने अपनी बल्लेबाजी को नए स्तर पर साबित करने का मौका होगा। झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों को भी उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

Share.
Next Story
नेहरू कप जीतकर लौटीं झारखंड की बेटियां, रांची में हुआ जोरदार स्वागत
Exit mobile version