Friday, October 23

चतरा: बैगनतरी नदी में अवैध बालू उठाव के मामले में आखिरकार प्रशासन ने कार्रवाई की है। चतरा के टंडवा और हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बीच उलझे इस मामले में सीमा विवाद स्पष्ट होने के बाद टंडवा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कार्रवाई के दौरान एक पोकलेन मशीन और बोलेरो वाहन जब्त किए गए हैं। मामले में वाहन मालिक और चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

मामला टंडवा थाना क्षेत्र के उड़सू गांव स्थित बड़की नदी के बैंगनतरी इलाके का है। यहां पोकलेन मशीन से बालू उठाव और हाइवा से ढुलाई का वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे थे। शुरुआती दौर में घटनास्थल के थाना क्षेत्र को लेकर टंडवा और केरेडारी पुलिस के बीच असमंजस की स्थिति बताई गई थी। इससे प्राथमिकी दर्ज करने और आगे की कार्रवाई को लेकर भी स्पष्टता नहीं थी।

राजस्व कर्मचारियों की जांच में स्पष्ट हुआ थाना क्षेत्र

सिमरिया के अंचल अधिकारी गौरव कुमार राज ने बताया कि घटनास्थल को लेकर सीमा विवाद दूर करने के लिए राजस्व कर्मचारियों को भेजा गया था। जांच के बाद स्पष्ट हुआ कि संबंधित स्थान टंडवा थाना क्षेत्र में आता है। इसके बाद अंचल अधिकारी की औपचारिक अनुशंसा पर टंडवा पुलिस ने मामला दर्ज किया।

कार्रवाई के तहत कथित अवैध बालू उठाव में इस्तेमाल की जा रही टाटा हिताची की X210LC/5G मॉडल पोकलेन मशीन और एक बोलेरो वाहन को जब्त किया गया है। प्राथमिकी वाहन मालिक और चालक के खिलाफ दर्ज की गई है।

पहले उठे थे कार्रवाई और जवाबदेही पर सवाल

इस मामले में पहले घटनास्थल के अधिकार क्षेत्र और प्राथमिकी दर्ज करने की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठे थे। मशीनें जब्त किए जाने की जानकारी सामने आने के बावजूद केस दर्ज होने की स्थिति स्पष्ट नहीं थी। अब सीमा विवाद सुलझने और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ी है।

हालांकि, मामले में बालू उठाव की वैधता, परिवहन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और कंपनी से जुड़े लोगों की संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन जांच के दौरान किन लोगों की जिम्मेदारी तय करते हैं और आगे क्या कार्रवाई होती है।

Share.
Next Story
बोकारो: BSL के सभी प्लांट गेटों के 100 मीटर दायरे से हटी निषेधाज्ञा, प्रशासन ने जारी किया आदेश
Exit mobile version