Wednesday, October 14

 

सीएम हेमंत सोरेन और डीजीपी तदाशा मिश्रा का जताया आभार

160 मामलों पर हुआ विचार, 4 मामले लंबित और 3 मामले अस्वीकृत


​झारखंड पुलिस ने बड़ी पहल करते हुए अनुकंपा के आधार पर 153 आश्रितों की नौकरी को स्वीकृति प्रदान कर दी है. इस फैसले से उन आश्रित पुलिस परिवार ने राज्य सरकार और झारखंड पुलिस को दिल से दुआएं दी हैं. राज्य की झारखंड DGP तदाशा मिश्रा के निर्देशानुसार, झारखंड पुलिस मुख्यालय ने दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों के कल्याण के लिए यह बड़ा कदम उठाया है. पुलिस मुख्यालय स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद कुल 153 आश्रितों को विभिन्न पदों पर नियुक्ति प्रदान की गई है.

160 मामलों पर हुआ विचार

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी ​के अनुसार, गत 12 मई 2026 को पुलिस मुख्यालय, राँची में अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी. इस बैठक में पुलिस उप-महानिरीक्षक (झा०स०पु०, वि०शा०, अप०अनु०वि०) और पुलिस अधीक्षक (गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा) सदस्य के रूप में शामिल थे.
​समिति के समक्ष अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े कुल 160 लंबित मामले आए थे, जिन पर गहन विचार-विमर्श किया गया. इनमें से ​153 मामलों में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने का निर्णय लिया गया.
​04 मामलों को विभिन्न तकनीकी या अन्य कारणों से फिलहाल लंबित रखा गया है.
​03 मामलों को नियमानुसार अस्वीकृत कर दिया गया.

​किस पद पर कितनी हुईं नियुक्तियाँ

​स्वीकृत किए गए 153 पदों पर आश्रितों की नियुक्ति का विवरण इस प्रकार है:

​आरक्षी (कॉन्स्टेबल): 66 पद
​बाल आरक्षी: 62 पद
​महिला आरक्षी: 24 पद
​अग्निक चालक: 01 पद
​आश्रितों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता

​पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि अनुकंपा नियुक्ति एक बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील विषय है.इसका मुख्य उद्देश्य दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिवारों और उनके आश्रितों को एक सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है.
​गौरतलब है कि इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को हुई समिति की बैठक में भी 85 मामलों पर विचार किया गया था, जिसमें से 84 आश्रितों को नौकरी दी गई थी. झारखंड पुलिस ने दोहराया है कि वह अपने कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है और ऐसी प्रक्रियाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी.

Share.
Next Story
अरब सागर में K2 एयरवेज का कार्गो विमान दुर्घटनाग्रस्त; चालक दल की तलाश
Exit mobile version