डीसी अजय नाथ झा ने दी जानकारी, छात्रों से संवाद में किए गए आश्वासन के अनुरूप आगे बढ़ रही प्रक्रिया
बोकारो जिले में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का अवसर मिलने जा रहा है। जिले में होमगार्ड के 199 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए 12 नवंबर को विज्ञापन जारी होगा। उपायुक्त अजय नाथ झा ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
डीसी ने बताया कि होमगार्ड नियुक्ति को लेकर छात्रों के साथ संवाद के दौरान समय-सीमा तय की गई थी। उस समय आश्वासन दिया गया था कि दीपावली तक या अधिकतम छठ पर्व से पहले विज्ञापन जारी करने से पहले की सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी। इसी के तहत अब 12 नवंबर को नियुक्ति का विज्ञापन जारी करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में चौकीदार के रिक्त पदों की संख्या पांच से कम है। ऐसे में फिलहाल चौकीदार के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं की जा सकती है।
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन नियुक्ति की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके।
