Tuesday, October 13

गिरिडीह/ रांची: गिरिडीह में एक पॉलिटेक्निक छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। घटना मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर की है। मृतक की पहचान दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगबाटा निवासी विनय कुमार दास के 22 वर्षीय पुत्र सौरव राज के रूप में हुई है।

शीतलपुर में किराए के मकान में रहता था छात्र

सौरव राज गिरिडीह स्थित सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT) में पॉलिटेक्निक का छात्र था। वह पढ़ाई के लिए गिरिडीह के शीतलपुर में एक किराए के मकान में रह रहा था। मंगलवार रात उसने अपने कमरे में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

घटना की जानकारी उस समय हुई, जब मकान में रहने वाले अन्य लोगों की नजर सौरव के कमरे की ओर गई। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर परिजनों को घटना की सूचना दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दो साल के इंटीग्रेटेड कोर्स के लास्ट ईयर में था सौरव

घटना की सूचना मिलने के बाद सौरव के पिता गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था। उसने दो वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में दाखिला लिया था और फिलहाल कोर्स के अंतिम वर्ष में था।

परिजनों के मुताबिक सौरव शीतलपुर निवासी लाला शर्मा के मकान में किराए पर रहकर पढ़ाई करता था। पिता ने बताया कि उनका बेटा मुख्य रूप से पढ़ाई पर ही ध्यान देता था। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि सौरव ने यह कदम उठा लिया।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह क्या थी, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Share.
Next Story
धनबाद में दुर्गा पूजा पर प्रशासन सख्त, DJ बजाया तो होगी कार्रवाई; सर्वश्रेष्ठ पंडाल को मिलेगा ₹51 हजार
Exit mobile version