Friday, October 30

बनासकांठा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जारी की किस्त, ₹19 हजार करोड़ की राशि किसानों के खातों में ट्रांसफर; जानिए किन किसानों को नहीं मिलेगा लाभ और कैसे करें भुगतान की जांच

बनासकांठा (गुजरात)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़े किसानों के लिए बड़ी खबर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से डिजिटल माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी है। इसके साथ ही देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की राशि ट्रांसफर की गई है। इस किस्त के तहत सरकार की ओर से कुल 19 हजार करोड़ रुपये जारी किए जाने की जानकारी दी गई है।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों को देश की अर्थव्यवस्था और विकास का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि सरकार किसानों को सशक्त बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि की राशि सीधे किसानों के खातों में पहुंचाई जा रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल सके।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने बनासकांठा में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।

किन किसानों को नहीं मिलेगा 24वीं किस्त का लाभ?

पीएम किसान योजना का लाभ सभी पात्र भूमिधारक किसान परिवारों को दिया जाता है। हालांकि, योजना के नियमों के तहत कुछ श्रेणियों के लोगों को इससे बाहर रखा गया है। इनमें शामिल हैं।

  • संवैधानिक पदों पर रहे लोग: वर्तमान और पूर्व मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष।

  • सरकारी कर्मचारी: केंद्र और राज्य सरकार के सेवारत तथा सेवानिवृत्त कर्मचारी। चतुर्थ श्रेणी और मल्टी टास्किंग स्टाफ को नियमानुसार छूट है।

  • आयकरदाता: ऐसे किसान जो आयकर का भुगतान करते हैं।

  • पेंशनभोगी: 10 हजार रुपये या उससे अधिक मासिक पेंशन पाने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी, निर्धारित अपवादों को छोड़कर।

  • पेशेवर वर्ग: डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट और आर्किटेक्ट जैसे पंजीकृत पेशेवर।

खाते में 2,000 रुपये आए या नहीं, ऐसे करें चेक

अगर आप भी पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और जानना चाहते हैं कि आपके खाते में 24वीं किस्त की राशि आई है या नहीं, तो घर बैठे ऑनलाइन स्टेटस चेक कर सकते हैं।

  1. सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं।

  2. होमपेज पर Farmers Corner सेक्शन में जाएं।

  3. यहां Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें।

  4. अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और स्क्रीन पर दिखाई दे रहा कैप्चा कोड दर्ज करें।

  5. इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को भरें।

  6. सबमिट करते ही आपकी किस्त और भुगतान से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।

किस्त नहीं आई तो क्या करें?

अगर स्टेटस चेक करने पर खाते में किस्त ट्रांसफर होने की जानकारी नहीं मिलती है, तो किसान सबसे पहले अपना ई-केवाईसी, बैंक खाता और आधार से जुड़ी जानकारी जांच लें। इसके अलावा बैंक खाते में डीबीटी की स्थिति भी चेक करें। किसी तरह की समस्या होने पर पीएम किसान पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

 

Share.
Next Story
बोकारो इंजीनियरिंग क्लस्टर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर की पहल, आधुनिक मशीनों और तकनीकी सुविधाओं से मजबूत होंगी स्थानीय MSME इकाइयां
Exit mobile version