रांची: तमाड़ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। करीब दो बजे तीन ट्रक एक-दूसरे से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक अंदर फंस गए। एक चालक को कुछ देर की कोशिश के बाद बाहर निकाल लिया गया, जबकि दूसरे को करीब छह घंटे तक क्षतिग्रस्त केबिन में फंसा रहना पड़ा। उसे सुबह करीब आठ बजे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पीछे से आ रहे ट्रक ने मारी टक्कर, फिर तीसरा भी भिड़ा
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक जमशेदपुर से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहा तीसरा ट्रक भी दूसरे ट्रक से जा भिड़ा।
लगातार हुई टक्कर में दूसरे और तीसरे ट्रक के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों चालक केबिन में फंस गए।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की जानकारी मिलते ही तमाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एक चालक को क्षतिग्रस्त केबिन से बाहर निकाल लिया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में उसका पैर टूट गया है।
घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए तमाड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
सुबह तक चला बचाव अभियान
दूसरे चालक को निकालना ज्यादा मुश्किल रहा। वह करीब छह घंटे तक ट्रक के क्षतिग्रस्त केबिन में फंसा रहा। लगातार प्रयास के बाद सुबह करीब आठ बजे उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
हादसे के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ समय तक स्थिति प्रभावित रही। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
