Wednesday, September 23

रांची: नामकुम अंचल कार्यालय से दाखिल-खारिज से जुड़े सरकारी दस्तावेजों के गायब होने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई झारखंड उच्च न्यायालय, रांची के आदेश के आलोक में की गई है।

मामला दर्ज कैसे हुआ

एसीबी रांची पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर कांड संख्या 18/2026 (दिनांक 26 अगस्त, 2026) दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में नामकुम अंचल के तत्कालीन अधिकारियों और कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया था, जिनमें तत्कालीन अंचल अधिकारी डॉ. श्वेता वर्मा, तत्कालीन अंचल निरीक्षक मनोज कुमार और तत्कालीन लिपिक दीपक कुमार के साथ-साथ अन्य संबंधित व्यक्ति शामिल थे।

अनुसंधान में मिले साक्ष्य, हुई गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान जब ठोस साक्ष्य सामने आए, तो एसीबी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 22 सितंबर, 2026 को दो प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शामिल हैं:

  • मनोज कुमार दीक्षित — तत्कालीन अंचल निरीक्षक, उम्र लगभग 65 वर्ष, पिता: स्व. महेश प्रसाद दीक्षित
  • दीपक कुमार — तत्कालीन लिपिक, उम्र लगभग 51 वर्ष, पिता: स्व. दिनेश प्रसाद

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

एसीबी इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि दाखिल-खारिज से जुड़े महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेजों को जानबूझकर गायब किया गया था, जिससे भ्रष्टाचार और अनियमितता की आशंका जताई जा रही है। एजेंसी आगे की जांच में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की छानबीन जारी रहेगी।

Share.
Next Story
रूपी सोरेन की तबीयत में फिर उतार-चढ़ाव, मुख्यमंत्री हेमंत और कल्पना सोरेन अस्पताल पहुंचे
Exit mobile version