Thursday, November 12
अमानत और कोयल नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, जलस्तर अधिक होने के कारण कई स्थानों पर की गई बैरिकेडिंग…. अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

पलामू। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और नदियों में बढ़े जलस्तर को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से मेदिनीनगर शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी और एसपी सबसे पहले सिंगरा स्थित अमानत नदी घाट पहुंचे। इसके बाद उन्होंने पंपू कल घाट और मरीन ड्राइव स्थित कोयल नदी घाट का भी जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की मौजूदा स्थिति, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी ली।

नदी का जलस्तर बढ़ा, बैरिकेडिंग से सुरक्षा की तैयारी

निरीक्षण के दौरान नदी में पानी का जलस्तर अधिक होने का मामला सामने आया। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि छठ व्रती और श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में ही रहकर भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें। प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी श्रद्धालु गहरे पानी या जोखिम वाले स्थानों तक न पहुंचे।

डीसी और एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखे जाएं। विशेष रूप से अर्घ्य के दौरान भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी सुनिश्चित की जाए।

पंपू कल घाट पर पुल निर्माण का भी लिया जायजा

पंपू कल घाट पर स्थानीय लोगों की ओर से पुल का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने इस निर्माण कार्य की स्थिति भी देखी। छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान घाटों पर किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

 

Share.
Next Story
18 नवंबर को होगी झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक, CM हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में लिए जा सकते हैं कई बड़े फैसले
Exit mobile version