मैनपुरी से जारी हुए थे दोनों हथियार, जिला प्रशासन को नहीं दी गई थी सूचना; पुलिस ने पूछताछ के बाद राजू तिर्की को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा
मेदिनीनगर (पलामू): झारखंड के पलामू में लाइसेंसी हथियारों के इस्तेमाल को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बुधवार देर शाम पुलिस ने राजू तिर्की के काफिले को रोककर जांच की। इस दौरान काफिले में बॉडीगार्ड के तौर पर मौजूद दो लोगों के पास से लाइसेंसी हथियार बरामद हुए। जांच में पता चला कि दोनों हथियार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से जारी किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, राजू तिर्की का काफिला लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा इलाके में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। काफिले में दो लोग बॉडीगार्ड के रूप में तैनात थे। उनके पास हथियार होने की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पलामू प्रशासन को नहीं थी हथियारों की जानकारी
जांच के दौरान सामने आया कि दोनों हथियारों के लाइसेंस उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से जारी किए गए हैं। हालांकि, इन हथियारों के पलामू में आने या इस्तेमाल किए जाने की पूर्व सूचना जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर लिया।
पूछताछ के बाद पीआर बॉन्ड पर छोड़े गए राजू तिर्की
कार्रवाई के दौरान पुलिस राजू तिर्की को पूछताछ के लिए मेदिनीनगर टाउन थाना लेकर पहुंची। यहां उनसे हथियारों और काफिले से जुड़े मामलों में जानकारी ली गई। पूछताछ के बाद उन्हें पीआर बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया। फिलहाल पुलिस दोनों हथियारों के लाइसेंस की वैधता और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रही है।
हथियारों के दम पर रौब दिखाने वालों पर होगी कार्रवाई: एसपी
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि जिले में लाइसेंसी हथियारों के जरिए रौब दिखाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। राजू तिर्की के काफिले से मिले दोनों हथियारों की पलामू में एंट्री नहीं थी और न ही जिला पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
