लगातार दूसरे साल जैक ने बढ़ाया परीक्षा शुल्क, इस बार 120 रुपये तक की हुई बढ़ोतरी; 12 नवंबर से भरे जाएंगे परीक्षा फॉर्म।
झारखंड। झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को इस बार परीक्षा फॉर्म भरने के लिए पहले से ज्यादा फीस चुकानी होगी। झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक ने वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षा के लिए विभिन्न मदों में परीक्षा शुल्क बढ़ा दिया है। नई दरों के अनुसार, इस बार शुल्क में 120 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
खास बात यह है कि जैक ने लगातार दूसरे वर्ष परीक्षा शुल्क में इजाफा किया है। इसका असर नियमित और निजी, दोनों श्रेणियों के विद्यार्थियों पर पड़ेगा। पिछले दो वर्षों में परीक्षा शुल्क में करीब 40 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की बात सामने आ रही है।
बात करें मैट्रिक परीक्षा की तो छात्राओं को अब न्यूनतम 1100 रुपये से लेकर अधिकतम 1800 रुपये तक भुगतान करना पड़ सकता है। वहीं सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बिना विलंब शुल्क के 1300 रुपये और विलंब शुल्क के साथ 1800 रुपये निर्धारित किए गए हैं।
इंटरमीडिएट परीक्षा का भी शुल्क बढ़ा
इंटरमीडिएट परीक्षा में भी शुल्क बढ़ाया गया है। छात्राओं के लिए परीक्षा शुल्क 1220 रुपये से लेकर अधिकतम 2020 रुपये तक रखा गया है। जबकि सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क के 1520 रुपये और विलंब शुल्क के साथ 2020 रुपये जमा करने होंगे।
वहीं परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू हो रही है। विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद विलंब शुल्क के साथ 4 दिसंबर तक फॉर्म जमा करने का मौका मिलेगा।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी जैक ने मैट्रिक, इंटर समेत नौवीं, ग्यारहवीं और अन्य परीक्षाओं के विभिन्न शुल्कों में बढ़ोतरी की थी। ऐसे में लगातार दूसरे साल फीस बढ़ने से विद्यार्थियों और अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ना तय माना जा रहा है।
