जानकारी के अनुसार, एवीएस इंटरप्राइजेज एनसीसी नामक कंपनी से पेटी कॉन्ट्रैक्ट पर कोयला ढुलाई का काम करती है। कंपनी आम्रपाली कोल परियोजना से शिवपुर रेलवे साइडिंग तक कोयले का परिवहन करती है। इसी कंपनी के कार्यालय को देर रात निशाना बनाकर अज्ञात लोगों ने कई राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
धमकी भरे पत्र में फोन नजरअंदाज करने पर खोपड़ी खोलने की चेतावनी
गोलीबारी की घटना के बीच एक धमकी भरा पत्र भी सामने आया है। पत्र में ‘राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखते हुए कहा गया है कि उनके फोन कॉल को नजरअंदाज करने वालों को इसका अंजाम भुगतना होगा। पत्र में बिना मैनेज किए काम करने वालों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। इसमें साफ तौर पर खोपड़ी खोल देने जैसी आपराधिक धमकी लिखी गई है।
पत्र के अंत में ‘जय महाकाल’ के साथ राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नामों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, पत्र किसने जारी किया और इसमें लिखी गई बातों की सत्यता क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फायरिंग और धमकी भरे पत्र के बीच संबंध की जांच जरूरी
आम्रपाली कोल परियोजना में ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग और उसके बाद धमकी भरे पत्र के सामने आने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। क्या गोलीबारी के पीछे कोयला ढुलाई के कारोबार से जुड़ा दबाव है या फिर मामला किसी अन्य वजह से जुड़ा है, यह जांच का विषय है। पुलिस जांच में ही स्पष्ट हो सकेगा कि फायरिंग और कथित पत्र के बीच कोई संबंध है या नहीं।
फिलहाल, घटना के बाद कोयलांचल क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गोलीबारी में शामिल लोगों की पहचान, घटना के पीछे की वजह और धमकी भरे पत्र की सत्यता सामने आना बाकी है।
