रांची। सरला बिरला विश्वविद्यालय (एसबीयू), रांची के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के क्षेत्र में अच्छी खबर है। विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट विभाग की ओर से प्रतिष्ठित कंपनी सीएट टायर्स के सहयोग से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 41 विद्यार्थियों का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को कंपनी की गुजरात स्थित हलोल इकाई में काम करने का अवसर मिलेगा। इस भर्ती अभियान में 80 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था।

यह कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव वर्ष 2027 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था। इसमें डिप्लोमा इन मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग की छात्राओं को भी चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया गया।
चयन प्रक्रिया के तहत सबसे पहले विद्यार्थियों को प्री-प्लेसमेंट टॉक के माध्यम से कंपनी और रोजगार से जुड़ी जानकारियां दी गईं। इसके बाद एप्टीट्यूड टेस्ट आयोजित किया गया। इसमें सफल रहने वाले विद्यार्थियों का व्यक्तिगत साक्षात्कार लिया गया। पूरी चयन प्रक्रिया के बाद कंपनी ने 41 विद्यार्थियों का चयन किया।
विश्वविद्यालय की ओर से बताया गया कि वर्ष 2026 में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों के लिए भी कई प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ प्लेसमेंट गतिविधियां आयोजित की गई हैं। इनमें ईवाई, बिड़ला ओपस, टीसीएस, डेलॉइट, आईडीबीआई बैंक, गोदरेज, आईटीसी होटल्स लिमिटेड, शोभा लिमिटेड, जीई एयरोस्पेस, जना स्मॉल फाइनेंस बैंक, बर्जर पेंट्स, डीमार्ट, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, स्टरलाइट इलेक्ट्रिक, बजाज फाइनेंस, इन्फो एज (नौकरी डॉट कॉम), सीएट टायर्स, केईसी इंटरनेशनल, उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक, इंडस टावर्स, आरआर केबल्स लिमिटेड, एओ स्मिथ, श्री रामकृष्ण एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड जैसी कंपनियां शामिल हैं।
सीएट टायर्स में 41 विद्यार्थियों के चयन पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगन्नाथन तथा राज्यसभा सांसद सह निदेशक (प्लानिंग एंड डेवलपमेंट) डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


