रांची। कांके स्थित शारदा ग्लोबल स्कूल में राज्य स्तरीय विद्यालयी वुडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जूनियर बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन आईपीएस सुमित कुमार अग्रवाल और स्कूल के डायरेक्टर दीपक बांका ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं स्ट्रोक लगाकर किया।

इस अवसर पर विशेष अतिथि श्रीमती अग्रवाल, दीपा बांका, एडिशनल डायरेक्टर एकता शारदा और विद्यालय की प्राचार्या जस्मीत कौर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपनी पूरी क्षमता लगाई। आयोजन का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें डायरेक्टर दीपक बांका, पीके लाला, प्रदेश मानवाधिकार मंच की अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोहिनी राय, दीपा बांका और एकता शारदा सहित अन्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
आयोजन को सफल बनाने में सरवर अंसारी, मिथलेश कुमार सिंह, बंटी टोप्पो, देवपूजन, शुभम, मयंक, राजेश, रोहित, अब्बू अब्बास अली, दीपक, एमबी बुंडू और मनीष कुमार सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


