Tuesday, October 13

जमशेदपुर: वन्यजीवों और प्रकृति संरक्षण का संदेश लेकर आयोजित सप्ताहभर के कार्यक्रमों का रविवार को टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में समापन हुआ। 32 स्कूलों के करीब 600 विद्यार्थियों ने चित्रांकन प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर वन्यजीव और प्रकृति के प्रति अपनी सोच को रंगों के जरिए सामने रखा। इसके अलावा निबंध, क्विज और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क और जमशेदपुर वन प्रमंडल की ओर से आयोजित वन्यजीव सप्ताह समारोह-2026 के समापन कार्यक्रम में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, वन विभाग के अधिकारी और प्रकृति प्रेमी मौजूद रहे। झारखंड जैव विविधता बोर्ड के अध्यक्ष विश्वनाथ शाह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। टाटा स्टील जूलॉजिकल सोसाइटी के सचिव कैप्टन अमिताभ और डीएफओ साबा आलम अंसारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। टाटा जू के निदेशक डॉ. नईम अख्तर भी मौजूद रहे।

निबंध से लेकर क्विज और वाद-विवाद तक प्रतियोगिताएं

30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित वन्यजीव सप्ताह के दौरान अलग-अलग आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिताएं हुईं। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ऑन-द-स्पॉट निबंध प्रतियोगिता, 10वीं से 12वीं के लिए क्विज और जलवायु परिवर्तन व मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व विषय पर अंतर विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।

चित्रांकन प्रतियोगिता में करीब 32 स्कूलों के 600 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

अलग-अलग वर्गों में बच्चों ने जीते पुरस्कार

चित्रांकन प्रतियोगिता की प्राथमिक श्रेणी में एसडीएसएम की श्रीहानी बेहरा प्रथम, शिक्षा निकेतन टेल्को की अनुष्का साहू द्वितीय और तारापोर स्कूल की अमायरा राज तृतीय रहीं।

जूनियर वर्ग में चित्रकला मंदिर के आरव सिंह प्रथम, केरला पब्लिक स्कूल गम्हरिया की आनंदिता राज द्वितीय और जमशेदपुर पब्लिक स्कूल के रोनक कुमार तृतीय रहे।

मिडिल वर्ग में केरला पब्लिक स्कूल बर्मामाइंस की वैष्णवी रजक प्रथम, हिल टॉप स्कूल टेल्को के आयुष रंजन द्वितीय और जुस्को स्कूल कदमा के यश कुमार महतो तृतीय रहे।

सीनियर वर्ग में जमशेदपुर पब्लिक स्कूल की खुशी प्रथम, सबुज कल्याण पब्लिक स्कूल के अनुभव कुमार द्वितीय और डीएवी बिष्टुपुर की वैभवी तृतीय रहीं।

विजेताओं को सम्मान, क्विज में नकद पुरस्कार

समापन समारोह में निबंध, क्विज, वाद-विवाद और चित्रांकन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रुपये, द्वितीय को 7,500 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से हुई। अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया। कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सीमा रानी ने सप्ताहभर हुए आयोजनों की जानकारी दी। प्रतियोगिताओं के निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया।

बच्चों के जरिए संरक्षण का संदेश

टाटा जू के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को सिर्फ वन्यजीवों के बारे में जानने का मौका नहीं मिला, बल्कि प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण को लेकर उनकी सोच को सामने रखने का मंच भी मिला।

Share.
Next Story
रांची में चेन स्नैचरों से पुलिस की मुठभेड़, रंगीला के पैर में लगी गोली; 3 गिरफ्तार, 5 चेन बरामद
Exit mobile version