जामताड़ा: नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव में गुरुवार रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार मनोज रजवार ने टांगी से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने चाकू से अपने गले पर वार कर खुद को भी घायल कर लिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू बातों को मायके में बताने को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में मनोज ने पहले पत्नी को करंट लगाया और फिर उस पर टांगी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई। इसके बाद मनोज ने चाकू से अपने गले पर वार कर लिया।
बताया जाता है कि दंपती की नौ बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घायल मनोज का जामताड़ा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।


