देर रात होटल से काम खत्म कर ससुराल जा रहा था राहुल गोराई, रास्ते में अपराधियों ने किया हमला; हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
राजधानी रांची में अपराधियों ने एक बार फिर हत्या की वारदात को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी है। पिठोरिया थाना क्षेत्र के करकटा मोड़ के पास देर रात एक होटल कर्मी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल गोराई के रूप में हुई है। वह पिठोरिया स्थित कृष्णा स्वीट होटल में काम करता था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

होटल से काम खत्म कर जा रहा था ससुराल
मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गोराई रोज की तरह देर रात होटल में अपना काम खत्म करने के बाद ससुराल जाने के लिए निकला था। उसका ससुराल ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के भाट बोड़या गांव में है। इसी दौरान जब वह करकटा मोड़ के पास पहुंचा, तभी अपराधियों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उस पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया का रहने वाला था मृतक
बताया जा रहा है कि बानेश्वर गोराई उर्फ राहुल गोराई मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले का रहने वाला था। वह पिठोरिया के कृष्णा स्वीट होटल में काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रोजमर्रा की तरह काम खत्म करने के बाद वह अपने ससुराल जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में मातम पसर गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद पिठोरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान के लिए संभावित रास्तों और उपलब्ध साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
हत्या के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल राहुल गोराई की हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। अपराधियों ने उसे रास्ते में रोककर क्यों हमला किया, क्या इसके पीछे पुरानी रंजिश है या किसी अन्य विवाद में उसकी हत्या की गई है, पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी के ग्रामीण इलाकों में देर रात सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आ सकेगी।


