देवघर: झारखंड में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए देवघर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो बोलेरो वाहनों से कुल 1200 लीटर स्प्रिट जब्त किया है। यह स्प्रिट नकली शराब बनाने में इस्तेमाल होने के लिए ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरिडीह-जमुआ की ओर से दो सफेद रंग की बोलेरो में स्प्रिट लोड कर देवीपुर थाना क्षेत्र के हथवारी गांव ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर बुढ़ैई थाना पुलिस ने सशस्त्र बल के साथ तिलैया मोड़ पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान दोनों बोलेरो को टॉर्च की रोशनी दिखाकर रुकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में देवीपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधुपुर थाना क्षेत्र के अकबर अली और दिवाली राय के रूप में हुई है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान देवीपुर थाना क्षेत्र के हथवारी गांव निवासी मन्नू यादव, पिता सकलदेव महतो के रूप में की गई है।
इसके बाद पुलिस ने दोनों बोलेरो की तलाशी ली। पहली बोलेरो संख्या JH04E 4414 से 40-40 लीटर के 10 प्लास्टिक गैलन बरामद हुए, जिनमें करीब 400 लीटर स्प्रिट भरा था। वहीं, दूसरी बोलेरो संख्या JH15E 7080 से 40-40 लीटर के 20 प्लास्टिक गैलन मिले, जिनमें करीब 800 लीटर स्प्रिट रखा गया था। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 1200 लीटर स्प्रिट जब्त किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।


