चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल स्थित खुंचीडीह में कोहिनूर स्टील प्राइवेट लिमिटेड के परिसर पर शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने छापेमारी की। करीब 300 करोड़ रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी मामले की जांच के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई। जांच का दायरा चांडिल के अलावा जमशेदपुर और कोलकाता तक फैला हुआ है। जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीमें करीब 20 ठिकानों पर जांच कर रही हैं।

मामला खुंचीडीह में 66 मेगावाट क्षमता का थर्मल पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर विभिन्न बैंकों से लिए गए करीब 900 करोड़ रुपये के ऋण से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी ने परियोजना के लिए ऋण तो लिया, लेकिन राशि का एक हिस्सा निर्धारित काम में लगाने के बजाय समूह की दूसरी कंपनियों और निजी इस्तेमाल में डायवर्ट कर दिया। इसी वित्तीय अनियमितता की पड़ताल ईडी कर रही है।
इसी कड़ी में रांची से पहुंची ईडी की पांच सदस्यीय टीम शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे कोहिनूर स्टील के खुंचीडीह स्थित परिसर में दाखिल हुई। अधिकारियों ने कंपनी के कार्यालय और परिसर में करीब आठ घंटे तक जांच की। दोपहर लगभग एक बजे तक चली कार्रवाई के दौरान वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, ऋण से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
फिलहाल छापेमारी के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ईडी की जांच के आगे बढ़ने के साथ ही मामले में और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।


