रांची: दीपावली और काली पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को डीसी सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री ने शहर के विभिन्न इलाकों में बनाए जा रहे काली पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों से तैयारियों की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने अल्बर्ट एक्का चौक, कॉसमॉस क्लब, वर्द्धमान कंपाउंड, अग्रदूत क्लब प्लाजा चौक, डोरंडा बाजार काली पूजा समिति, काली मंदिर डोरंडा, कुसई कॉलोनी, छप्पन सेट और एजी कॉलोनी के पूजा पंडालों का जायजा लिया।
बिजली और अग्निशमन सुरक्षा पर विशेष जोर
डीसी ने पूजा समितियों को पंडाल निर्माण में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बिजली की वायरिंग और अस्थायी कनेक्शन सुरक्षित तरीके से किए जाएं। शॉर्ट सर्किट और आगजनी की आशंका को देखते हुए पंडालों में अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए।
इसके अलावा श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़ नियंत्रित रखने के लिए स्वयंसेवकों की तैनाती और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का भी निर्देश दिया गया।
विसर्जन जुलूस में अनुशासन बनाए रखने की अपील
डीसी ने पूजा समितियों को प्रतिमा विसर्जन के दौरान स्थानीय थाना और जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर चलने को कहा। निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारू रखने में सहयोग देने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल निर्धारित मानकों के अनुरूप करने और ऐसे गीतों, नारों या गतिविधियों से बचने की अपील की, जिनसे सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
पटाखे जलाते समय बरतें सावधानी
जिला प्रशासन ने दीपावली पर आम लोगों से भी सुरक्षित तरीके से आतिशबाजी करने की अपील की है। बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला नहीं छोड़ने, खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही आतिशबाजी करने तथा पेट्रोल पंप, विद्युत प्रतिष्ठानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के आसपास पटाखे नहीं जलाने की सलाह दी गई है।
निरीक्षण के दौरान सदर एसडीओ कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार, नगर निगम के पदाधिकारी, समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य जयसिंह यादव और सागर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


