रांची जिले के बुंडू क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पारिवारिक रिश्तों पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही 15 वर्षीय नाबालिग के साथ उसकी माँ के कथित प्रेमी ने दुष्कर्म किया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची की पहल पर पीड़िता का दाखिला एक आवासीय विद्यालय में कराया गया है।
डर दिखाकर चुप कराने का आरोप
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद बच्ची गहरे भय और असुरक्षा की स्थिति में थी। आरोप यह भी है कि मामले को दबाने का प्रयास किया गया। बताया जाता है कि बच्ची को धमकाया गया कि यदि वह किसी को घटना के बारे में बताएगी, तो उसे चोट लगने की बात कहनी होगी। आरोप है कि माँ ने भी बच्ची पर चुप रहने का दबाव बनाया। जिस समय बच्ची को अपनी माँ के सहारे की सबसे अधिक आवश्यकता थी, उस समय उसे ही मौन रहने के लिए विवश किया गया।
तबीयत बिगड़ने पर रिम्स में भर्ती, तब खुला मामला
घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। इसी दौरान मामले की भनक पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी) को लगी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेमाश्रय में रखी गई बच्ची, माँ के पास जाने से इनकार
उपचार के बाद बच्ची को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चुटिया स्थित प्रेमाश्रय में रखा गया। इस संवेदनशील मामले में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) ने भी सक्रियता दिखाई। झालसा के कार्यपालक अध्यक्ष एवं झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश तथा सदस्य सचिव कुमारी रंजना अस्थाना के मार्गदर्शन में डालसा, रांची ने पीड़िता की सुरक्षा और भविष्य को लेकर पहल शुरू की।
डालसा सचिव और डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल (डिप्टी एलएडीसी) ने प्रेमाश्रय पहुँचकर बच्ची से मुलाकात की और लंबे समय तक उसकी काउंसलिंग की। बच्ची काफी सहमी हुई थी। काउंसलिंग के दौरान उसने साफ कहा कि वह अपनी माँ के पास वापस नहीं जाना चाहती। साथ ही उसने अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा भी जताई।
अब आवासीय विद्यालय में पढ़ेगी पीड़िता
बच्ची की इच्छा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए डालसा सचिव ने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी से संपर्क किया। इसके बाद पीड़िता का दाखिला एक आवासीय विद्यालय में कराया गया। इससे उसे सुरक्षित माहौल मिलेगा और वह बिना किसी भय तथा दबाव के पढ़ाई जारी रख सकेगी।


