-20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की आशंका, WhatsApp पर APK फाइल भेजकर बैंक खातों में लगाते थे सेंध
झारखंड के जामताड़ा से संचालित साइबर ठगों का नेटवर्क देश के कई राज्यों तक फैला हुआ था। WhatsApp पर खतरनाक APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल और बैंक खातों की जानकारी चुराने वाले बड़े साइबर गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पांच दिनों तक चले विशेष अभियान में पुलिस ने 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह से जुड़े मामलों में 20 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की आशंका जताई गई है।
दिल्ली पुलिस ने 11 से 15 नवंबर के बीच झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में एक साथ अभियान चलाया। इसके लिए 64 पुलिसकर्मियों की सात विशेष टीमें बनाई गई थीं। पुलिस टीमों ने चार राज्यों में 17 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों का संबंध साइबर ठगी की 2,080 शिकायतों से सामने आया है। ये आरोपी 11 अलग-अलग साइबर ठगी गिरोहों और एक APK पैनल तैयार करने वाले नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
APK फाइल से खाली कर देते थे बैंक खाते
जांच में पता चला कि गिरोह के कुछ सदस्य विशेष रूप से खतरनाक एंड्रॉइड APK फाइल तैयार करते थे। इसके बाद WhatsApp के माध्यम से लोगों को ये फाइलें भेजी जाती थीं। फाइल मोबाइल में इंस्टॉल होते ही ठग मोबाइल और बैंकिंग से जुड़ी संवेदनशील जानकारी हासिल कर लेते थे। इसके बाद लोगों के बैंक खातों से रकम निकालकर ठगी को अंजाम देते थे।
दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से साफ हुआ है कि साइबर अपराधियों का नेटवर्क केवल जामताड़ा तक सीमित नहीं था, बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के लेन-देन का पता लगाने में जुटी है।


