रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने और कथित तौर पर गलत तरीके से नाम हटाए जाने की शिकायतों के बीच कांग्रेस ने अब लोगों को राहत दिलाने के लिए मैदान में उतरने का ऐलान किया है। पार्टी 18 नवंबर को आयोजित होने वाले अवसर कैंप में लोगों की मदद करेगी। साथ ही बूथ स्तर के अधिकारियों (BLO) के साथ बैठक कर मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करेगी। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि इसके बावजूद बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाते हैं, तो पार्टी समय सीमा बढ़ाने की मांग करेगी। जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा।


इस संबंध में राजधानी रांची स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने पार्टी की रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखकर 18 नवंबर को मतदाता केंद्रों पर अवसर कैंप आयोजित करने की मांग की गई है, ताकि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं या जिनके नाम हटाए जाने को लेकर आपत्ति है, उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका मिल सके।
BLO के साथ बैठक कर शिकायतों का होगा समाधान
कुमार राजा ने कहा कि 18 नवंबर को होने वाले कैंप में कांग्रेस की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। पार्टी के कार्यकर्ता मतदाताओं की समस्याएं सुनेंगे और मतदाता सूची से संबंधित शिकायतों को सामने लाने में मदद करेंगे। इस दौरान BLO के साथ बैठक कर नाम जोड़ने, हटाने और सूची में मौजूद त्रुटियों से जुड़े मामलों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कई लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम होने या नहीं होने की जानकारी नहीं है। ऐसे में कैंप के माध्यम से उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करने और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा। जिन मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं या जिन्हें किसी तरह की परेशानी हो रही है, उनकी शिकायतें भी सुनी जाएंगी।
समय सीमा बढ़ाने की मांग, जरूरत पड़ी तो होगा आंदोलन
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी चाहती है कि कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए 18 नवंबर के कैंप में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि, यदि कैंप के बाद भी बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ते हैं, तो कांग्रेस निर्वाचन विभाग से समय सीमा बढ़ाने की मांग करेगी। उन्होंने साफ कहा कि जरूरत पड़ने पर पार्टी धरना-प्रदर्शन भी करेगी।
बीजेपी पर लगाया मतदाताओं के नाम कटवाने का आरोप
प्रेस वार्ता के दौरान कुमार राजा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देशभर में ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटवाए जा रहे हैं, जो बीजेपी को वोट नहीं देते हैं। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया में खासकर आदिवासी, दलित और मुस्लिम समुदाय के मतदाताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कुमार राजा ने कहा कि कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को उठाती रही है और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होना चाहिए, ताकि किसी भी योग्य नागरिक का नाम सूची से छूटने न पाए। फिलहाल 18 नवंबर को होने वाले अवसर कैंप पर कांग्रेस की नजर है। पार्टी ने इसे मतदाताओं की समस्याओं को सामने लाने और उनके नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।



