चतरा। अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र की सनक किस हद तक इंसान को हैवान बना सकती है, इसका खौफनाक उदाहरण चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है। यहां आठ साल की मासूम बच्ची की कथित तौर पर तांत्रिक सिद्धि हासिल करने के लिए नरबलि दे दी गई। दीपावली की अमावस्या की रात बच्ची की हत्या की गई और उसके शव को घर से करीब 150 मीटर दूर झाड़ी और धान के खेत में छिपा दिया गया। इस जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका की मौसी, ताऊ और ताऊ के बेटे को गिरफ्तार किया है।


घटना प्रतापपुर के चट्टी अनंतपुर गांव की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में सोहरी देवी, बिन्दु भारती और जुगेश भारती शामिल हैं। इस मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्य आरोपी सोहरी देवी मृतका की मौसी है और उसके घर में ओझा-गुणी तथा झाड़-फूंक का काम किया जाता था। पुलिस का दावा है कि तांत्रिक सिद्धि प्राप्त करने की लालसा में उसने अपने भैसुर बिन्दु भारती और उसके बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर बच्ची की हत्या की साजिश रची।
अमावस्या की रात रची गई हत्या की साजिश
चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीपावली की अमावस्या की रात बच्ची की हत्या नरबलि के उद्देश्य से की गई थी। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात के पीछे अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र से जुड़ी मान्यताएं थीं। इसके साथ ही मृतका के माता-पिता और आरोपियों के बीच पहले से आपसी विवाद भी चल रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने हत्या के बाद मामले को दूसरी दिशा में ले जाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, अनुसंधान को भटकाने और घटना को दुष्कर्म जैसे जघन्य अपराध का रूप देने के उद्देश्य से बच्ची के सिर पर बांस के डंडे से वार किए गए थे। हालांकि, पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की कथित साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
13 नवंबर को झाड़ी और धान के खेत से मिला था शव
बच्ची के रहस्यमय तरीके से लापता होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 13 नवंबर 2026 को बच्ची का शव उसके घर से करीब 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ी और धान के खेत से बरामद किया।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर पर छापेमारी कर कई अहम साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस ने लाल रंग की टूटी चूड़ी, टूटी बाली, खून लगा प्लास, खून लगा घास और बच्ची का आसमानी रंग का पैंट बरामद किया।
इसके अलावा कथित टोना-टोटका में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई। इसमें सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी शामिल हैं। पुलिस ने खून लगा हसुवा, करणी और लोहे की छेनी भी बरामद की है। इन सामग्रियों को पुलिस ने अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।
मौसी, ताऊ और उसका बेटा गिरफ्तार
पुलिस ने इस हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें सोहरी देवी (पति कमलू भारती), बिन्दु भारती (पिता स्व. कारू भारती) और जुगेश भारती (पिता बिन्दु भारती) शामिल हैं। तीनों चट्टी अनंतपुर गांव के ही निवासी हैं।
इस मामले में प्रतापपुर थाना कांड संख्या 103/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 97 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
अंधविश्वास ने उजाड़ दिया मासूम का परिवार
जिस उम्र में एक बच्ची को स्कूल जाना चाहिए, परिवार के साथ खेलना और अपना बचपन जीना चाहिए, उस उम्र में उसकी जिंदगी कथित तांत्रिक सिद्धि और अंधविश्वास की भेंट चढ़ गई। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जिस मौसी से एक बच्ची को अपनापन और सुरक्षा मिलने की उम्मीद थी, उसी पर उसकी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब मामले में आगे की जांच और साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट करना बाकी है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में फैले अंधविश्वास और उसके नाम पर होने वाले अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



