15 नवंबर को इस रूट पर यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले जान लें कौन-सी ट्रेनें रहेंगी रद्द।
जमशेदपुर: अगर आप 15 नवंबर को टाटानगर, आद्रा या आसनसोल रेल मार्ग से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में चल रहे ट्रैक रख-रखाव और विकास कार्यों के कारण 15 नवंबर तक रोलिंग ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते इस व्यस्त रूट की कई मेमू ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ के मार्ग और समय में बदलाव किया गया है।
15 नवंबर को रद्द रहेंगी ये ट्रेनें
दैनिक यात्रियों को लोकल ट्रेनों के रद्द होने से सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ सकती है। रेलवे प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार:
आसनसोल–आद्रा–आसनसोल मेमू (68046/68045): यह ट्रेन 15 नवंबर तक दोनों दिशाओं से पूरी तरह रद्द रहेगी।
आसनसोल–पुरुलिया–आसनसोल मेमू: इस ट्रेन का परिचालन भी 15 नवंबर को पूर्ण रूप से बंद रखा गया है।
आद्रा तक ही जाएगी टाटानगर-आसनसोल मेमू:टाटानगर–आसनसोल–बराभूम मेमू (68056/68060): 15 नवंबर को यह ट्रेन अपने निर्धारित गंतव्य आसनसोल तक नहीं जाएगी। इसका परिचालन केवल आद्रा स्टेशन तक ही सीमित रहेगा और यह वहीं से वापस लौट आएगी। यानी इस दिन आद्रा से आसनसोल के बीच दोनों दिशाओं में इस ट्रेन की सेवा पूरी तरह ठप रहेगी।
देरी से चलेगी बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस:बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस (18184): ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के कारण इस एक्सप्रेस ट्रेन को 15 नवंबर को यात्रा के दौरान आवश्यकतानुसार 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित (रोककर) कर चलाया जाएगा। इससे ट्रेन अपने निर्धारित समय से विलंबित हो सकती है।
रेलवे की यात्रियों से अपील
रेलवे के इंजीनियरिंग, टीआरडी (TRD) और सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग की ओर से संयुक्त रूप से विकास और रख-रखाव का यह कार्य किया जा रहा है, ताकि रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन (लाइव) स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि अंतिम समय में होने वाली असुविधा से बचा जा सके।


