तोपचांची के चलकरी गांव में बिगड़ी थी पुष्पा की तबीयत, डॉक्टर ने सीएचसी किया था रेफर; परिजनों का दावा- कई बार फोन करने के बावजूद नहीं पहुंची 108 एंबुलेंस


धनबाद जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था और 108 एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता पर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। तोपचांची प्रखंड के चलकरी गांव में समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के आरोप के बीच 10 वर्षीय बिरहोर बच्ची पुष्पा की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार फोन किया, लेकिन मदद के लिए वाहन नहीं पहुंचा। आखिरकार गुरुवार रात करीब 11 बजे बच्ची ने घर पर ही दम तोड़ दिया।
पुष्पा महावीर बिरहोर और कुशंति बिरहोरिन की बेटी थी। वह गांव के प्राथमिक विद्यालय में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, 10 नवंबर को खेलते समय पुष्पा के पैर में चोट लग गई थी। इसके बाद उसका इलाज चलकरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में कराया जा रहा था। गुरुवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर ने उसे तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेफर कर दिया।
इसके बाद परिजनों ने स्थानीय सहिया के माध्यम से 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क किया। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं पहुंची। बच्ची को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन का इंतजार होता रहा, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने के बीच उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर की पर्ची और रेफरल प्रक्रिया पर भी सवाल
इस घटना में इलाज और रेफरल प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। परिजनों के अनुसार, 12 नवंबर को पीएचसी पहुंचने पर डॉक्टर ने पहले की पर्ची पर ही बच्ची को सीएचसी रेफर कर दिया था। पर्ची 10 नवंबर की है या 12 नवंबर की, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जांच में बच्ची को 100.06 डिग्री बुखार बताया गया था। ऐसे में इलाज और रेफरल की प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि गुरुवार को ही धनबाद के टुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नवजात को सदर अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस नहीं मिलने और उसकी मौत का मामला भी सामने आया था। अब तोपचांची में 10 वर्षीय बिरहोर बच्ची की मौत के बाद जिले की 108 एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता और आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
लगातार सामने आई इन घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति और आपातकालीन सेवाओं की जवाबदेही को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इन मामलों की जांच कर क्या कदम उठाता है।



