डीसी बोले- नेहरू जी के आदर्शों और मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी, एसपी ने कहा- आधुनिक भारत के निर्माण में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा


बोकारो: बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को बोकारो में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी गई। पत्थरकटा चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान जिला प्रशासन के कई वरीय पदाधिकारी भी मौजूद रहे और नेहरू जी के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चों के प्रति उनका विशेष स्नेह ही इस दिवस की मूल भावना है। बाल दिवस के कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और आधुनिक भारत के निर्माण से जुड़ी चुनौतियों के प्रति समझ विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश के सामने राष्ट्र निर्माण की कई चुनौतियां थीं। तत्कालीन नेतृत्व ने कठिन परिस्थितियों में देश को आगे बढ़ाने का काम किया। ऐसे महापुरुषों के योगदान और विचारों को याद करने के साथ उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। उनके आदर्शों और मूल्यों को सकारात्मक रूप से अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
बच्चों को नेहरू जी के विचारों से प्रेरणा लेने की जरूरत : एसपी
पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि बाल दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के साथ बच्चों के बीच भी कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में पंडित जवाहरलाल नेहरू का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों और कार्यों से परिचित कराना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बच्चों के लिए नेहरू जी के विचार और आदर्श प्रेरणा के स्रोत हैं। बच्चे उनसे प्रेरणा लेकर भविष्य में राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं, इसी उद्देश्य से बाल दिवस पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, उप निदेशक पीआरडी रवि कुमार, एनडीसी राज शर्मा, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रवीण रंजन, जिला शिक्षा अधीक्षक अतुल कुमार चौबे, मुख्यालय डीएसपी पवन कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी डॉ. सुमन गुप्ता, चास बीडीओ प्रदीप कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।



