प्रोजेक्ट बचपन-भविष्य की नई राहें’ के तहत बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन, बच्चों ने काटा केक और विशेष भोजन का उठाया आनंद।


पश्चिमी सिंहभूम बाल दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए विशेष आयोजन किया गया। बच्चों के सर्वांगीण विकास, उनके प्रति अपनत्व और खुशियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘प्रोजेक्ट बचपन-भविष्य की नई राहें’ के तहत बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के तहत नवंबर माह में जन्मदिन मनाने वाले बच्चों का सामूहिक जन्मोत्सव आयोजित किया गया। इस मौके पर बच्चों ने केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। साथ ही एक-दूसरे को शुभकामनाएं देकर इस आयोजन को यादगार बनाया। बाल दिवस के अवसर पर आयोजित इस सामूहिक जन्मोत्सव में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
वहीं, कार्यक्रम में बच्चों के लिए विशेष भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। बाल भोज के तहत उन्हें पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन परोसा गया। केक काटने से लेकर विशेष भोजन का आनंद लेने तक, पूरे आयोजन में बच्चों की खुशी और उत्साह देखने को मिला। आंगनबाड़ी केंद्रों को इस अवसर पर उत्सव के माहौल में सजाया गया।
‘प्रोजेक्ट बचपन-भविष्य की नई राहें’ का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित न रखते हुए बच्चों के लिए आनंददायक, सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण तैयार करना है। इसके माध्यम से बच्चों को खेल, रचनात्मक गतिविधियों और आपसी सहभागिता के जरिए सीखने और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
इस तरह के आयोजनों से बच्चों में सामाजिक सहभागिता, सामूहिकता और आपसी जुड़ाव की भावना को भी प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही उन्हें एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और सामूहिक गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलता है।
बाल दिवस पर जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक साथ आयोजित बाल भोज-सह-जन्मोत्सव कार्यक्रम ने बच्चों के बचपन को खुशियों से जोड़ने की पहल की। इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे का बचपन खास है और उसे स्वस्थ, सुरक्षित एवं खुशहाल वातावरण उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।



