रांची। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 में शामिल अभ्यर्थी अब अपनी भरी हुई OMR शीट देख सकेंगे. झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों की OMR शीट आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. अभ्यर्थी अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड के जरिये पोर्टल पर प्रवेश कर पालीवार OMR शीट का अवलोकन कर सकेंगे. इससे उन्हें परीक्षा के दौरान अपने द्वारा अंकित किये गये उत्तरों का मिलान करने का मौका मिलेगा. परिषद ने यह कदम परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया है.
परिषद की ओर से जारी वेब नोटिस संख्या 40/2026 में इसकी जानकारी दी गयी है. नोटिस के अनुसार, परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों की हस्तलिखित अथवा भरी हुई OMR शीट को परिषद की आधिकारिक वेबसाइट jac.jharkhand.gov.in पर उपलब्ध करा दिया गया है.
अभ्यर्थियों को OMR शीट देखने के लिए परिषद की वेबसाइट पर उपलब्ध JAC Portal टैब के माध्यम से संबंधित पोर्टल पर जाना होगा. यहां अपनी लॉगिन आईडी और पासवर्ड दर्ज करने के बाद पालीवार भरी हुई OMR शीट का अवलोकन किया जा सकेगा. परिषद ने अभ्यर्थियों को अपनी OMR शीट ध्यानपूर्वक देखने और उसमें अंकित उत्तरों का मिलान करने की सुविधा दी है.
JAC ने स्पष्ट किया है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और पवित्रता बनाये रखना है. इससे अभ्यर्थियों को अपने द्वारा दिये गये उत्तरों की जांच करने में सुविधा होगी. साथ ही परीक्षा प्रणाली के प्रति उनका विश्वास भी मजबूत होगा.
परिषद ने सभी संबंधित अभ्यर्थियों को वेबसाइट पर जाकर अपनी OMR शीट देखने की सलाह दी है. यह सूचना परिषद के सचिव की ओर से अध्यक्ष के आदेशानुसार जारी की गयी है.

