-एक करोड़ से पांच लाख रुपये तक के इनामी 62 माओवादी आरोपी सूची में शामिल, चाईबासा में सर्वाधिक 34 और लातेहार में 16 मामले चिह्नित

रांची। झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच अब हार्डकोर माओवादियों को कानूनी रूप से घेरने की तैयारी तेज हो गई है। पुलिस मुख्यालय ने राज्य के 12 जिलों में सीपीआई माओवादी संगठन के 62 हार्डकोर आरोपियों से जुड़े 80 पुराने आपराधिक मामलों को स्पीडी ट्रायल के लिए चिह्नित किया है। इनमें एक करोड़ रुपये से लेकर पांच लाख रुपये तक के इनामी माओवादी शामिल हैं। पुलिस का लक्ष्य इन मामलों की सुनवाई में तेजी लाकर लंबित मुकदमों का जल्द निष्पादन और आरोपियों को सजा दिलाना है।
जिलावार आंकड़ों में पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) सबसे आगे है। यहां 32 हार्डकोर माओवादियों से जुड़े 34 मामलों को स्पीडी ट्रायल के लिए चिह्नित किया गया है। वहीं, लातेहार दूसरे स्थान पर है। यहां नौ माओवादियों के खिलाफ दर्ज 16 मामलों में त्वरित सुनवाई होगी। इन दोनों जिलों में ही कुल 50 मामले हैं, जो राज्य में चिह्नित कुल मामलों के आधे से अधिक हैं।
इसके अलावा दुमका में पांच माओवादियों से जुड़े पांच, गिरिडीह में तीन आरोपियों के चार और सरायकेला में चार माओवादियों के पांच मामले चिह्नित किए गए हैं। गुमला में दो आरोपियों के चार, लोहरदगा में एक आरोपी के दो और हजारीबाग में एक मामला शामिल है। पलामू में एक माओवादी के दो, चतरा में दो आरोपियों के दो, जमशेदपुर में एक आरोपी के दो और बोकारो में एक माओवादी के तीन मामलों को भी सूची में रखा गया है।
इसे भी पढ़ें ः झारखंड कैबिनेट की बैठक आज, सरकारी कर्मचारियों के DA में 3% बढ़ोतरी से लेकर 4 सड़कों के पुनर्निर्माण तक कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर ?
आईजी अभियान नरेंद्र सिंह के अनुसार, स्पीडी ट्रायल का मुख्य उद्देश्य नक्सलियों के खिलाफ दर्ज मामलों की सुनवाई तेज करना और लंबित मुकदमों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करना है। पुलिस मुख्यालय अब इन मामलों की न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने पर विशेष जोर दे रहा है। इससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को कानूनी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
एक नजर में स्पीडी ट्रायल के आंकड़े
जिला- माओवादी आरोपी- चिह्नित मामले
पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा)- 32-34
लातेहार- 9-16
दुमका- 5-5
सरायकेला- 4-5
गिरिडीह- 3-4
गुमला- 2-4
लोहरदगा- 1-2
पलामू- 1-2
चतरा- 2-2
जमशेदपुर- 1-2
बोकारो- 1-3
हजारीबाग- 1-1
कुल- 62-80
प्रमुख आंकड़े
कुल जिले : 12
कुल चिह्नित मामले : 80
कुल हार्डकोर माओवादी आरोपी : 62
सर्वाधिक मामले : चाईबासा (34)
दूसरे स्थान पर : लातेहार (16)
चाईबासा और लातेहार में कुल मामले : 50


