झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भारत निर्वाचन आयोग ने नया कार्यक्रम जारी किया है। आयोग की ओर से 17 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार, राज्य में एन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Forms) तैयार करने, उनके वितरण और संग्रह से लेकर दावे-आपत्तियों के निपटारे तक की समयसीमा निर्धारित कर दी गई है। संशोधित कार्यक्रम के तहत झारखंड में 22 दिसंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार, 18 नवंबर 2026 तक एन्यूमरेशन फॉर्म तैयार कर उनका प्रिंट निकालने का काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद 18 नवंबर से 30 नवंबर तक मतदाताओं के बीच फॉर्म का वितरण और संग्रह किया जाएगा। वहीं, 10 दिसंबर तक एन्यूमरेशन फॉर्म से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने की समयसीमा तय की गई है।
आयोग की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम में दावे और आपत्तियों के निपटारे के लिए 15 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। इसके बाद 22 दिसंबर को झारखंड की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
इस संबंध में निर्वाचन आयोग ने झारखंड समेत महाराष्ट्र, दिल्ली, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नगालैंड और हरियाणा के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों को पत्र भेजकर संशोधित कार्यक्रम की जानकारी दी है। आयोग ने सभी संबंधित अधिकारियों को इसकी व्यापक जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने और राजनीतिक दलों को भी संशोधित कार्यक्रम की लिखित सूचना देने का निर्देश दिया है।
इस कार्यक्रम के जारी होने के बाद झारखंड में SIR की प्रक्रिया को लेकर अगली गतिविधियां निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ेंगी।


