सिमडेगा में बाल कल्याण समिति ने जारी किया स्पष्टीकरण, कहा- इस तरह का कोई मामला समिति के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं

बाल कल्याण समिति, सिमडेगा के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक जौरिहार की ओर से सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो बयान को लेकर समिति के सदस्यों ने अपना पक्ष रखा है। पूर्व अध्यक्ष ने अपने बयान में आरोप लगाया था कि एक नाबालिग बालिका को स्थानीय विधायक द्वारा कथित रूप से जबरन खेल स्टेडियम में रखे जाने की सूचना पर उन्होंने बालिका का रेस्क्यू कराया था। इसके बाद थाने में एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास किया गया, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया।
पूर्व अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया था कि इस मामले को दबाने के लिए जिले की उपायुक्त, उप विकास आयुक्त और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी की ओर से उन पर अनावश्यक दबाव बनाया गया था। इसके अलावा उन्होंने बाल कल्याण समिति के सदस्य अली इमरान अंसारी पर स्थानीय विधायक से व्यक्तिगत और राजनीतिक संबंध होने का आरोप लगाते हुए मामले की जानकारी विधायक तक पहुंचाने की बात कही थी।
समिति ने आरोपों को किया खारिज
पूर्व अध्यक्ष के इन आरोपों पर बाल कल्याण समिति, सिमडेगा के सदस्यों ने आपत्ति जताते हुए उन्हें मनगढ़ंत, बेबुनियाद और तथ्यों से परे बताया है। समिति की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि नाबालिग बालिका के रेस्क्यू और एफआईआर से जुड़ा ऐसा कोई मामला समिति के आधिकारिक अभिलेख में दर्ज नहीं है। साथ ही, समिति के किसी भी सदस्य के संज्ञान में भी इस तरह का मामला नहीं आया है।
समिति के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि पूर्व अध्यक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों का समिति के रिकॉर्ड से कोई आधार नहीं मिलता। विशेष रूप से सदस्य अली इमरान अंसारी पर लगाए गए आरोपों को भी समिति ने गलत बताया है।
राज्य सरकार ने पूर्व अध्यक्ष को पद से किया था मुक्त
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी उल्लेख किया गया है कि अभिषेक जौरिहार को विभिन्न कारणों से राज्य सरकार ने बाल कल्याण समिति, सिमडेगा के अध्यक्ष पद से पदमुक्त कर दिया था। हालांकि, विज्ञप्ति में उन्हें पदमुक्त किए जाने के कारणों का विस्तृत उल्लेख नहीं किया गया है।
यह स्पष्टीकरण बाल कल्याण समिति, सिमडेगा के सदस्यों की ओर से जारी किया गया है। फिलहाल, इस पूरे मामले में पूर्व अध्यक्ष अभिषेक जौरिहार का पक्ष और उनके आरोपों के समर्थन में उपलब्ध दस्तावेजों की जानकारी सामने आना बाकी है।


