व्हाट्सऐप के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचा था प्रश्नपत्र, CID ने इलेक्ट्रॉनिक और बैंकिंग साक्ष्य भी सौंपे।
रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (CGL) परीक्षा पेपर लीक मामले में CID ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने 10 आरोपियों के खिलाफ रांची स्थित CID की विशेष अदालत में पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। इनमें परीक्षा में सफल आठ अभ्यर्थी और परीक्षा संचालन से जुड़ी एजेंसियों के दो कर्मचारी शामिल हैं।
CID के अनुसार, आरोपियों में परीक्षा संचालन से जुड़ी TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड का मार्केटिंग मैनेजर अभय कुमार तिवारी भी शामिल है, जिसे इस मामले का मास्टरमाइंड बताया गया है। उसके साथ उसकी पत्नी सुषमा कुमारी उर्फ सुषमा तिवारी और भाई अक्षय तिवारी को भी आरोपित बनाया गया है।
इसके अलावा विजय कुमार तिवारी, दीपक कुमार, आनंद कुमार सिंह, समीर कुमार और उमेश कुमार राय के नाम भी चार्जशीट में शामिल हैं। वहीं, ICN टेक्नोलॉजी से जुड़े सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को भी आरोपी बनाया गया है।
जांच के अनुसार, प्रश्नपत्र और उत्तर व्हाट्सऐप के जरिए आरोपियों तक पहुंचाए गए थे। इसके बाद अलग-अलग ठिकानों पर अभ्यर्थियों को प्रश्न और उत्तर याद कराने का आरोप है।
CID ने चार्जशीट के साथ जब्त दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, बैंकिंग लेन-देन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी अदालत में प्रस्तुत किए हैं। इससे पहले इस मामले में 16 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।


