-सुखदेवनगर के इंद्रपुरी में घर के पास मारी गयी थी गोली, पुलिस ने 11 मोबाइल, दो कार और एक स्कूटी की बरामद
रांची। सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-1 में मिथिलेश कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 18 लाख रुपये उधार वापस नहीं करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. इसी विवाद में अपराधियों ने 18-19 नवंबर की रात मिथिलेश कुमार (पिता जग नारायण महतो) को उनके घर के पास सिर में गोली मार दी थी. उन्हें तत्काल रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है.
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी सिटी ने एएसपी कोतवाली निखिल राय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी. तकनीकी साक्ष्य, आसूचना और अन्य स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी. गिरफ्तार आरोपियों में धुर्वा के अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू (39) और विवेक कुमार उर्फ छोटू (33), हरमू के आयुष कुमार सिंह (23) और नितिन गुप्ता (28), सुखदेवनगर के राहुल कुमार (23) तथा हरमू के रोहित सिंह उर्फ देवा (26) शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की एक काले रंग की फॉर्च्यूनर, रजिस्ट्रेशन नंबर JH01DT8606 की सफेद हुंडई आई-20 कार, JH01DQ9573 नंबर की काली स्कूटी और घटनास्थल से मिला एक खोखा बरामद किया है.
पुलिस के अनुसार, आयुष कुमार सिंह के खिलाफ लालपुर और कोतवाली थाने में पूर्व से मामले दर्ज हैं. वहीं, नितिन गुप्ता के खिलाफ सुखदेवनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है. पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.


