रांची। देश के चर्चित रियलिटी शो ‘रोडीज सीजन 21’ में रांची की बेटी जयश्री गोस्वामी अपनी दमदार मौजूदगी से झारखंड का नाम रोशन कर रही हैं। जयश्री को 32 हजार रोडियम्स की बिडिंग के साथ OGs टीम में जगह मिली है। इस टीम का नेतृत्व अभिनेत्री नेहा धूपिया कर रही हैं। बताया जा रहा है कि यह रोडीज के अब तक के सीजन में सबसे ऊंची बिडिंग है। जयश्री की इस उपलब्धि से झारखंड में खुशी का माहौल है।
जयश्री को बचपन से ही कराटे, डांस और योग में रुचि रही है। उन्होंने डीएवी नंदराज से नौवीं और दसवीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह रांची से दिल्ली पहुंचीं और मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने रोडीज के प्रतिभागी सचिन शर्मा के साथ एक म्यूजिक एल्बम में भी काम किया। इसके बाद दुबई जाकर योग इंस्ट्रक्टर के रूप में भी अपनी प्रतिभा दिखाई।
मां के संघर्ष और भरोसे ने दिए सपनों को पंख
जयश्री की इस कामयाबी के पीछे उनकी मां का संघर्ष और समर्पण भी अहम रहा है। सिंगल पैरेंट होने के बावजूद उन्होंने बेटी के सपनों को पूरा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी। कराटे, डांस और योग की ट्रेनिंग से लेकर करियर बनाने तक हर कदम पर बेटी का साथ दिया और उसकी जरूरतों का ख्याल रखा।
आज जयश्री रोडीज जैसे बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। उनकी यह उपलब्धि सिर्फ उनकी मेहनत की कहानी नहीं, बल्कि उस मां के विश्वास और त्याग की भी मिसाल है, जिसने तमाम चुनौतियों के बीच बेटी के सपनों को आगे बढ़ने का हौसला दिया। रांची की इस बेटी की कामयाबी पूरे झारखंड के लिए गर्व का पल है।


